रायपुर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 9 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को मिली नई जिम्मेदारी, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
रायपुर। राजधानी रायपुर के राजस्व विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़ा फेरबदल किया गया है। कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने जिले में पदस्थ तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के कार्य विभाजन में बदलाव करते हुए 9 अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
यह बदलाव छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा किए गए स्थानांतरण और संबंधित अधिकारियों के उपस्थिति प्रतिवेदन मिलने के बाद किया गया है। नई व्यवस्था के तहत अधिकारियों को अलग-अलग तहसीलों और कार्यालयों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे जिले में राजस्व संबंधी कामकाज का संचालन नई जिम्मेदारियों के अनुसार होगा।
किस अधिकारी को कहां मिली जिम्मेदारी?
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार अमित केरकेट्टा को तहसीलदार रायपुर नियुक्त किया गया है। वहीं प्रेरणा सिंह और सौरभ चौरसिया को अतिरिक्त तहसीलदार रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी तरह जयेन्द्र सिंह को तहसीलदार खोरपा (अभनपुर) और राममूर्ति दीवान को तहसीलदार धरसींवा बनाया गया है। सृजन सोनकर को अतिरिक्त तहसीलदार रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा ख्याति नेताम को तहसीलदार खरोरा, राजकुमार साहू को नजूल तहसीलदार रायपुर और गजानंद सिदार को नायब तहसीलदार अभनपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासनिक आदेश जारी होने के साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को नई पदस्थापना के अनुसार कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।



