शराब के नशे में कुर्सी पर सोते रहे तहसील के रीडर, वकील ने बनाया वीडियो,कलेक्टर ने तत्काल किया सस्पेंड, पढ़े पूरी खबर
बिलासपुर तहसील कार्यालय में कुर्सी पर सोते मिले रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी निलंबित। वकील की शिकायत और वायरल वीडियो के बाद कलेक्टर ने एसडीएम से कराई थी जांच।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर तहसील कार्यालय में ड्यूटी के दौरान लापरवाही का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कार्यालय में कुर्सी पर सोते मिले रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कर्मचारी पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने और काम के सिलसिले में पहुंचे एक अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच कराई थी।
वकील ने मोबाइल में कैद किया पूरा घटनाक्रम
जानकारी के मुताबिक, रवि शंकर सूर्यवंशी बिलासपुर तहसील कार्यालय में नायब तहसीलदार समर्थ थवाईत के रीडर के रूप में पदस्थ थे। 20 नवंबर को अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित किसी प्रकरण की फाइल लेकर उनके पास पहुंचे थे। आरोप है कि उस समय रीडर अपनी कुर्सी पर सो रहे थे और नशे की हालत में थे।
अधिवक्ता ने जब संबंधित फाइल आगे बढ़ाने यानी पुटअप करने के लिए कहा तो रीडर ने कथित तौर पर इनकार कर दिया। इस दौरान वकील के साथ बदसलूकी किए जाने का भी आरोप है। घटनाक्रम से नाराज अधिवक्ता ने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो में कर्मचारी कार्यालय के भीतर कुर्सी पर सोता हुआ दिखाई दे रहा है। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
कलेक्टर से शिकायत के बाद एसडीएम ने की जांच
मामले को लेकर अधिवक्ता त्रिशिर दीक्षित ने वीडियो सहित कलेक्टर संजय अग्रवाल के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने एसडीएम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। जांच में प्रथम दृष्टया रीडर की लापरवाही सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन के बाद कोटा तहसील कार्यालय अटैच
कलेक्टर के आदेश के अनुसार, निलंबित रीडर रवि शंकर सूर्यवंशी को कोटा तहसील कार्यालय में अटैच किया गया है। इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में अनुशासनहीनता और ड्यूटी के दौरान लापरवाही के खिलाफ प्रशासन की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है।



