सक्ती में जुआ खेलने के दौरान पुलिस की दबिश, डरकर तालाब में कूदा शख्स, 3 दिन बाद मिला शव, ट्रेनी TI सस्पेंड

Sakti Death Case: सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र के डोमाडीह गांव में जुआ पकड़ने पहुंची पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक शख्स की मौत का मामला सामने आया है। 22 नवंबर की रात पुलिस की दबिश के दौरान 38 साल का महेश राम केंवट तालाब में कूद गया था, जिसका शव बरामद कर लिया गया है। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की मारपीट से डरकर महेश ने तालाब में छलांग लगाई थी। तीन दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह उसका शव बरामद किया गया। अब इस मामले में ग्रामीणों ने पुलिस पर मारपीट और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं SP ने लापरवाही मानते हुए प्रशिक्षु TI जयराम साहू को सस्पेंड कर दिया है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड जारी, हाजिरी में BJP आगे, सदन में सवाल पूछने में विपक्ष ने सत्ता पक्ष को पछाड़ा
महेश राम का शव सुबह करीब 6 बजे डोमाडीह गांव के गंगासागर तालाब से बरामद हुआ, जिससे गांव में मातम पसरा है। मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मृतक की पत्नी ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू और उनके साथ पहुंचे लोगों के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज करने के साथ परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की है। परिजनों के मुताबिक 22 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 1 बजे प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू 5 से 6 लोगों के साथ गांव पहुंचे थे। आरोप है कि जुआ पकड़ने की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई और पैसों की वसूली भी की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इसी दौरान महेश केंवट के साथ भी मारपीट हुई थी। पुलिस की कार्रवाई से डरकर महेश ने पास के तालाब में छलांग लगा दी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। (Sakti Death Case)
चेहरे पर पट्टी और नंबर प्लेट ढकने का आरोप
घटना को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस टीम की कार्रवाई पर कई सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि दबिश देने पहुंचे कुछ लोगों ने अपने चेहरे पर पट्टी बांध रखी थी। इतना ही नहीं, जिन गाड़ियों से वे पहुंचे थे, उनकी नंबर प्लेट भी कपड़े से ढकी हुई थी। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह पहचान छिपाकर गांव पहुंचने और कार्रवाई करने के पीछे क्या वजह थी, इसकी जांच होनी चाहिए। परिजनों ने भी पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है। महेश के लापता होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की थी। तालाब के किनारे उसका जैकेट मिलने के बाद डूबने की आशंका जताई गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद बिलासपुर से SDRF की टीम बुलाकर तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। लगातार तीन दिनों की तलाश के बाद बुधवार सुबह शव तालाब में मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। अब पंचनामा और पोस्टमॉर्टम के जरिए मौत के कारणों की जांच की जाएगी।
अकेले जुआ रेड करने पहुंचे थे प्रशिक्षु TI: पुलिस
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू रात में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें डोमाडीह गांव में तालाब के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक जयराम साहू बिना वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दिए अकेले जुआ रेड करने पहुंच गए। पुलिस की गाड़ी और पुलिसकर्मियों को देखकर जुआ खेलने वाले लोग भागने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति तालाब में कूद गया। बाद में उसकी पहचान महेश केंवट के रूप में हुई। वह वापस घर नहीं लौटा और बाद में उसका शव तालाब से बरामद किया गया। SP प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने इस पूरे घटनाक्रम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू की गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें पुलिस लाइन अटैच किया गया है। मामले की जांच के लिए प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डभरा/चंद्रपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में पुलिस की दबिश, कार्रवाई के दौरान हुए घटनाक्रम और शख्स के तालाब में कूदने की परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
महेश अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गया है। उसकी बेटियों की उम्र 13, 7 और 3 साल है। परिवार का भरण-पोषण करने वाले महेश की मौत के बाद अब परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। मृतक की पत्नी ने प्रशिक्षु TI जयराम साहू समेत उनके साथ पहुंचे लोगों के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज करने की मांग की है। इसके अलावा परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पंचनामा कार्रवाई कराने की मांग रखी गई है। महेश की मौत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल पुलिस की दबिश और उसके बाद हुए घटनाक्रम को लेकर है। क्या कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों के साथ मारपीट हुई थी? क्या पैसों की वसूली की गई थी? क्या चेहरे पर पट्टी और नंबर प्लेट ढककर लोग गांव पहुंचे थे? इन सभी आरोपों की जांच होना बाकी है। फिलहाल प्रशिक्षु TI को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। (Sakti Death Case)

बता दें कि परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मामले में एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। महेश राम केंवट गांव में दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद वह उनके घर रखवाली करने जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। 23 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे तक महेश के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने उसके अपहरण कर कहीं बंधक बनाए जाने की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की।
तालाब किनारे मिला जैकेट, जुआ फड़ पर दबिश की चर्चा
महेश की तलाश के दौरान गंगासागर तालाब के किनारे उसका जैकेट मिला। इसके बाद गांव में चर्चा शुरू हुई कि 22 नवंबर की रात महेश कुछ लोगों के साथ जुआ खेल रहा था। इसी दौरान हसौद पुलिस की टीम वहां दबिश देने पहुंची थी। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान महेश के तालाब में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी तालाब में उतरे थे, जो बाहर निकल आए, लेकिन महेश का पता नहीं चल सका। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों के साथ मारपीट की गई थी। इसी डर से महेश ने तालाब में छलांग लगाई। बुधवार सुबह शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई गई। (Sakti Death Case)

कांग्रेस नेता कुशल कश्यप ने भी मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि घटना वाली रात करीब 2 बजे प्रशिक्षु टीआई जयराम साहू कुछ अन्य लोगों के साथ डोमाडीह पहुंचे थे। उस समय कुछ ग्रामीण ताश खेल रहे थे। आरोप है कि पुलिस ने कुछ लोगों को पकड़ा और उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान महेश ने डरकर तालाब में छलांग लगा दी। कांग्रेस और परिजनों ने दोषियों के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज करने, संबंधित थाना प्रभारी और घटना में कथित रूप से शामिल लोगों को निलंबित करने के साथ पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की कार्रवाई, कथित मारपीट और युवक की मौत को लेकर उठ रहे सवालों की जांच की जा रही है। तीन दिन बाद शव मिलने के बाद अब ग्रामीणों की मांग है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। परिजन हत्या की FIR और मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। तीन मासूम बेटियों के पिता की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।



