बुआ के घर से वापस हॉस्टल लाया गया छात्र, दूसरी मंजिल से कूदा, रीढ़ की टूटी हड्डी

Ambikapur School Hostel Case: अंबिकापुर के सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 9वीं कक्षा के एक छात्र ने हॉस्टल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। हादसे में छात्र की रीढ़ की हड्डी और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। इस घटना के बाद छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर बेटे को प्रताड़ित करने, जबरन हॉस्टल में रखने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, HR, हॉस्टल वार्डन और मार्केटिंग हेड को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें:- सक्ती में जुआ खेलने के दौरान पुलिस की दबिश, डरकर तालाब में कूदा शख्स, 3 दिन बाद मिला शव, ट्रेनी TI सस्पेंड
जानकारी के मुताबिक छात्र बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला है और सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता है। परिजनों ने उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था। दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद छात्र वापस हॉस्टल पहुंचा था, लेकिन वहां रहने को लेकर वह सहज नहीं था। छात्र के पिता अरुण कुमार गुप्ता के मुताबिक 22 नवंबर को उनका बेटा हॉस्टल से निकलकर चला गया था। इसके बाद उसने फोन कर पिता से कहा कि उसे वहां अच्छा नहीं लग रहा है और वह हॉस्टल में नहीं रहना चाहता। पिता ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की समझाइश दी थी। पिता का आरोप है कि हॉस्टल से निकलने के बाद उनका बेटा अपनी बुआ के घर चला गया था। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क किया और कहा कि उनके पहुंचने तक बच्चे को वहां से नहीं ले जाया जाए। इसके बावजूद हॉस्टल प्रबंधन के लोग बच्चे को बुआ के घर से वापस ले आए। (Ambikapur School Hostel Case)
कमरे में बंद कर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देने का आरोप
पिता के मुताबिक उनके जीजा भी बच्चे के साथ हॉस्टल पहुंचे थे। उन्होंने परिजन होने के नाते छात्र को अपने पास रखने की बात कही, लेकिन प्रबंधन ने उनकी बात नहीं मानी। छात्र के पिता का आरोप है कि बच्चे को वापस हॉस्टल लाने के बाद उसके कमरे में बंद कर दिया गया। इस दौरान उसे धमकी दी गई कि अगर उसने दोबारा भागने की कोशिश की तो उसके हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे। पिता का कहना है कि इसी तरह की प्रताड़ना और डर के माहौल के कारण उनका बेटा परेशान था। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। परिजनों की शिकायत के बाद गांधीनगर पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और HR कुणाल शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने मामले में गलत तरीके से बंधक बनाने, गंभीर नुकसान की धमकी देने, लापरवाही से सुरक्षा खतरे में डालने और अपराध की जानकारी छिपाने जैसे आरोपों से संबंधित धाराएं लगाई हैं। BNS की धारा 127(2) गलत तरीके से बंदी बनाने, धारा 351(3) गंभीर धमकी, धारा 125 लापरवाही से जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने, धारा 239 अपराध की जानकारी छिपाने और धारा 3(5) सामूहिक आपराधिक जिम्मेदारी से संबंधित है। वहीं जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 बच्चों के साथ क्रूरता से संबंधित है। घटना के बाद छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। गांधीनगर थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह के मुताबिक मामले में कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। (Ambikapur School Hostel Case)
पहले भी विवादों में रहा है स्कूल
बिरला ओपन माइंड्स स्कूल इससे पहले भी विवादों में रह चुका है। इससे पहले स्कूल के एक शिक्षक पर छात्र से 100 बार गाली लिखवाने का मामला सामने आया था। शिकायत के बाद तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा जांच के लिए स्कूल पहुंचे थे। जांच के बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को बर्खास्त कर दिया था। अब हॉस्टल में छात्र के साथ कथित प्रताड़ना और दूसरी मंजिल से छलांग लगाने की घटना ने एक बार फिर स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ माता-पिता अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद में हॉस्टल भेजते हैं तो दूसरी तरफ अंबिकापुर की यह घटना हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े करती है। आखिर एक बच्चा हॉस्टल छोड़कर भागने को मजबूर क्यों हुआ? उसकी शिकायतों को समय रहते क्यों नहीं समझा गया? फिलहाल चार आरोपी गिरफ्तार हैं और पुलिस जांच जारी है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हॉस्टल में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है?



