Google Analytics —— Meta Pixel

जंगल में जमीन खोदी तो निकला 39.77 लाख का खजाना! बीजापुर में नक्सलियों का कैश डंप बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों ने बड़ेपल्ली जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे 39.77 लाख रुपये बरामद किए। स्टील के डिब्बे में रखी थी नकदी।

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली गांव के जंगल में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान पुलिस और बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की संयुक्त टीम ने जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई 39 लाख 77 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। नक्सलियों द्वारा छिपाई गई इस रकम को एक स्टील के डिब्बे में पैक कर जमीन के भीतर दबाया गया था।

मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची संयुक्त टीम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ेपल्ली गांव के जंगल में जमीन के अंदर संदिग्ध सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर सर्च ऑपरेशन की योजना बनाई गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन और भैरमगढ़ एसडीओपी नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बीडीएस की संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया गया।

जमीन की खुदाई में मिला नकदी से भरा स्टील का डिब्बा

निर्धारित स्थान पर पहुंचकर जवानों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग और सर्चिंग की कार्रवाई करते हुए जमीन के भीतर एक बोरी में छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद किया।

डिब्बे को खोलने पर उसमें टेप से लिपटे कई पैकेट मिले। जांच करने पर इन पैकेटों में 500-500 रुपये के नोट रखे हुए पाए गए। पुलिस टीम ने जब नोटों की गिनती की तो कुल 39 लाख 77 हजार रुपये की नकदी सामने आई।

नक्सली गतिविधियों में इस्तेमाल की आशंका, जांच जारी

पुलिस ने बरामद पूरी रकम को जब्त कर लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसे नक्सलियों का कैश डंप माना जा रहा है। आशंका है कि इस रकम का इस्तेमाल नक्सली गतिविधियों के संचालन में किया जाना था।

हालांकि, नकदी का वास्तविक स्रोत क्या है और इसे किस उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा गया था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!