मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप का नया टैरिफ वार, भारत समेत 14 देशों पर शुल्क बढ़ाने की तैयारी

Trump New Tariff Policy: अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में मिली हार के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुश्किलें जरूर बढ़ी हैं, लेकिन उनकी टैरिफ नीति में कोई नरमी नजर नहीं आ रही है। ट्रंप प्रशासन ने भारत, चीन समेत 14 बड़े व्यापारिक साझेदारों पर नए आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव पेश किया है। प्रस्ताव के मुताबिक भारत पर 25% तक और चीन पर 40% तक टैरिफ लगाया जा सकता है। वहीं जापान, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश समेत अन्य देशों पर भी नए शुल्क की तैयारी है। हालांकि अभी ये टैरिफ लागू नहीं हुए हैं। प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा, लेकिन इससे यह तय है कि ट्रंप की टैरिफ नीति एक बार फिर वैश्विक व्यापार को प्रभावित कर सकती है। अमेरिका ने भारत समेत 14 बड़े व्यापारिक साझेदारों से आने वाले सामानों पर नए आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव तैयार किया है।
यह भी पढ़ें:- जंगल में जमीन खोदी तो निकला 39.77 लाख का खजाना! बीजापुर में नक्सलियों का कैश डंप बरामद
अमेरिकी प्रशासन का तर्क है कि कुछ देश जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन कर रहे हैं और अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम कीमत पर बेचकर अमेरिकी कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा मुश्किल बना रहे हैं। इस प्रस्ताव में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ जैसे बड़े व्यापारिक साझेदार शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने आठ महीने तक चली जांच के बाद नए शुल्क लगाने का प्रस्ताव पेश किया है। यह जांच अमेरिका के व्यापार अधिनियम की धारा 301 के तहत अनुचित व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक क्षमता से जुड़े मुद्दों पर की गई थी। अमेरिकी प्रशासन की प्रस्तावित कार्रवाई के दायरे में भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, वियतनाम, थाईलैंड, ताइवान, मलेशिया, इंडोनेशिया, कंबोडिया, बांग्लादेश, सिंगापुर और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। अमेरिका का कहना है कि इन देशों की औद्योगिक उत्पादन क्षमता और निर्यात गतिविधियों से उसके घरेलू उद्योगों को नुकसान पहुंच रहा है।
जबरन मजदूरी से बने सामानों पर भी अमेरिका की नजर
चीन पर प्रस्तावित शुल्क 20% है, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक व्यापार वार्ता विफल होने या तय प्रतिबद्धताओं का पालन नहीं होने पर यह दर 40% तक बढ़ सकती है। अन्य देशों के लिए प्रस्तावित दरें पहले से हुए व्यापार समझौतों और शुल्क संबंधी सीमाओं के अनुरूप तय करने की बात कही गई है। इस वजह से भारत पर नए प्रस्ताव का वास्तविक असर अंतिम अधिसूचना और उत्पादों की श्रेणी स्पष्ट होने के बाद ही सामने आएगा। अमेरिका सिर्फ औद्योगिक उत्पादन और निर्यात को लेकर ही सख्ती नहीं कर रहा, बल्कि जबरन मजदूरी से तैयार किए गए उत्पादों को लेकर भी कार्रवाई की तैयारी में है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि दूसरे देशों में कंपनियों और उद्योगों के भीतर जबरन मजदूरी रोकने के लिए उठाए गए कदमों की समीक्षा की जा रही है। इस तरह की जांच के आधार पर संबंधित देशों से अमेरिका भेजे जाने वाले सामानों पर अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने का रास्ता खुल सकता है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बीच नया दबाव
जानकारी के मुताबिक कुछ देशों के उत्पादों पर 10 से 12.5% तक अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव भी चर्चा में है। इससे संबंधित देशों के निर्यातकों की लागत बढ़ सकती है और अमेरिकी बाजार में उनके उत्पाद महंगे हो सकते हैं। भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों में पिछले कुछ समय से टैरिफ सबसे बड़ा मुद्दा रहे हैं। फरवरी 2026 में दोनों देशों ने अंतरिम व्यापार समझौते के लिए रूपरेखा घोषित की थी। इसके तहत अमेरिका ने भारतीय सामानों पर लागू पारस्परिक टैरिफ को 25% से घटाकर 18% करने की घोषणा की थी। इसके साथ ही रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर लगाया गया अतिरिक्त 25% शुल्क हटाने की भी घोषणा हुई थी। हालांकि इसके बाद अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने 20 फरवरी 2026 को उस कानूनी व्यवस्था के तहत लगाए गए व्यापक टैरिफ को अमान्य कर दिया, जिसके आधार पर ट्रंप प्रशासन ने पहले शुल्क लगाए थे। इसके बाद अमेरिका ने अलग कानूनी प्रावधानों के तहत नई टैरिफ व्यवस्था लागू की। ऐसे में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की वास्तविक स्थिति और नए प्रस्ताव का असर अलग-अलग कानूनी प्रावधानों के तहत समझना जरूरी है। (Trump New Tariff Policy)
भारत क्यों चाहता है प्रतिस्पर्धी देशों से कम टैरिफ ?
भारत की चिंता अमेरिकी बाजार में अपने निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता को लेकर है। बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे देश कपड़ा और परिधान उद्योग में भारत के बड़े प्रतिस्पर्धी हैं। अगर भारतीय उत्पादों पर इन देशों की तुलना में ज्यादा आयात शुल्क लगता है तो अमेरिकी खरीदार दूसरे देशों से सामान मंगाने को प्राथमिकता दे सकते हैं। इसका असर भारतीय कपड़ा उद्योग, चमड़ा और जूता कारोबार, प्लास्टिक एवं रबर उत्पादों, मशीनरी, ऑर्गेनिक केमिकल, होम डेकोर और हस्तशिल्प उद्योग पर पड़ सकता है। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में छोटे और मध्यम उद्योग भी काम करते हैं। इसलिए टैरिफ में किसी भी तरह की बढ़ोतरी का असर केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं रहेगा। भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ विवाद की शुरुआत अप्रैल 2025 में हुई थी। 2 अप्रैल 2025 को अमेरिका ने भारत पर 10% बेसलाइन टैरिफ लगाया। इसके बाद 5 अप्रैल को ट्रम्प ने भारत पर 26% पारस्परिक टैरिफ लगाने का ऐलान किया। 9 अप्रैल को 90 दिनों के लिए कुछ टैरिफ पर रोक की घोषणा की गई। (Trump New Tariff Policy)
क्या भारतीय निर्यात पर फिर पड़ेगा असर ?
31 जुलाई 2025 को भारत पर 25% पारस्परिक टैरिफ लगाने का ऐलान हुआ, जो 1 अगस्त से लागू हुआ। इसके बाद रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर 6 अगस्त को अतिरिक्त 25% शुल्क की घोषणा की गई, जो 27 अगस्त 2025 से लागू हुआ। इससे कई भारतीय उत्पादों पर कुल शुल्क का बोझ 50% तक पहुंच गया। 2 फरवरी 2026 को दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते की घोषणा हुई। इसके तहत अमेरिका ने पारस्परिक टैरिफ 25% से घटाकर 18% करने और रूस से तेल खरीदने के कारण लगाया गया अतिरिक्त 25% शुल्क हटाने पर सहमति जताई। फरवरी में ही अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद व्यापक टैरिफ व्यवस्था में फिर बदलाव हुआ। नए प्रस्ताव का सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारत से अमेरिका जाने वाले उत्पादों पर वास्तविक शुल्क कितना होगा। अगर भारत पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जाता है तो भारतीय कंपनियों की लागत बढ़ सकती है। इससे अमेरिकी बाजार में उत्पादों की कीमतें बढ़ने और दूसरे निर्यातक देशों से प्रतिस्पर्धा प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता और अमेरिकी प्रशासन के अगले फैसलों पर दुनिया भर के निर्यातकों की नजर बनी हुई है।



