Google Analytics —— Meta Pixel

Gold-Silver Price: रिकॉर्ड भाव से औंधे मुंह गिरे सोना-चांदी, क्या अब खरीदारी का सही मौका ?

Gold-Silver Price: देश में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का दौर जारी है। कीमती धातुओं के बाजार में बुधवार को एक बार फिर बड़ी कमजोरी देखने को मिली। चांदी की कीमत में 9,103 रुपए प्रति किलो की गिरावट आई और इसका भाव घटकर करीब 1.43 लाख रुपए प्रति किलो रह गया। चांदी का यह पिछले 13 महीनों का सबसे निचला स्तर बताया जा रहा है। वहीं 24 कैरेट सोने की कीमत में भी 3,653 रुपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई, जिसके बाद इसका भाव करीब 1.21 लाख रुपए पर पहुंच गया। कुछ समय पहले तक रिकॉर्ड ऊंचाई पर कारोबार कर रहे सोने और चांदी की कीमतों में आई इस बड़ी गिरावट ने बाजार का रुख बदल दिया है, जिन धातुओं को महंगाई और आर्थिक अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश का विकल्प माना जाता है, उनमें अब लगातार बिकवाली का दबाव दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि चांदी की कीमतों में गिरावट सोने के मुकाबले कहीं ज्यादा तेज रही है।

यह भी पढ़ें:- देश का पथप्रदर्शक: हमारा संविधान

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक सोना अपने ऑलटाइम हाई 1.76 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम से करीब 32 प्रतिशत नीचे आ चुका है। यानी रिकॉर्ड स्तर पर सोना खरीदने वाले निवेशकों को मौजूदा भाव पर काफी बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ रहा है। चांदी में इससे भी ज्यादा बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी का भाव अपने रिकॉर्ड हाई 3.80 लाख रुपए प्रति किलो से करीब 63 प्रतिशत नीचे आ चुका है। मौजूदा स्तर पर एक किलो चांदी की कीमत लगभग 1.43 लाख रुपए रह गई है। इस तरह रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो चांदी की कीमत में करीब 2.37 लाख रुपए प्रति किलो की कमी आई है। सोने और चांदी की कीमतों में आई यह गिरावट इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस साल दोनों धातुओं ने निवेशकों को आकर्षित किया था। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच कई लोगों ने इन्हें निवेश का अच्छा विकल्प माना था। लेकिन अब बाजार में तेजी से बदले हालात ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है।

आखिर क्यों गिर रहे हैं सोने-चांदी के भाव ?

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे घरेलू बाजार के साथ अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का भी असर है। अमेरिकी डॉलर की मजबूती को कीमती धातुओं पर दबाव की एक प्रमुख वजह माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का कारोबार डॉलर में होता है। डॉलर मजबूत होने पर अन्य मुद्राओं में सोना खरीदना महंगा पड़ता है, जिससे वैश्विक मांग और कीमतों पर दबाव बन सकता है। इसके अलावा अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता भी सोने की कीमतों को प्रभावित कर रही है। बाजार में यह उम्मीद बढ़ी है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। ब्याज दरें ऊंची रहने पर निवेशकों के लिए बॉन्ड और ब्याज देने वाले दूसरे विकल्प आकर्षक हो जाते हैं। इसके मुकाबले सोना कोई नियमित ब्याज या आय नहीं देता। ऐसे में निवेश का एक हिस्सा सोने से निकलकर दूसरे विकल्पों की ओर जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में शेयरों की बिकवाली ने भी कीमती धातुओं पर असर डाला है। (Gold-Silver Price)

चांदी पर ज्यादा दबाव क्यों ?

रिपोर्ट्स के मुताबिक टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट के बीच कुछ निवेशकों ने नकदी जुटाने के लिए सोना जैसी आसानी से बिकने वाली संपत्तियों में भी बिकवाली की। इससे सोने और चांदी की कीमतों पर अतिरिक्त दबाव बना। सोने के मुकाबले चांदी की कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि चांदी का इस्तेमाल सिर्फ निवेश और गहने बनाने तक सीमित नहीं है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल, औद्योगिक उपकरण और कई अन्य क्षेत्रों में भी चांदी की मांग रहती है। इसलिए चांदी की कीमतें निवेशकों की खरीद-बिक्री के साथ-साथ औद्योगिक मांग से भी प्रभावित होती हैं। जब आर्थिक गतिविधियों या औद्योगिक मांग को लेकर चिंता बढ़ती है, तो चांदी पर दबाव ज्यादा दिखाई दे सकता है। हाल के दिनों में निवेशकों की मुनाफावसूली और वैश्विक बाजार की कमजोरी ने भी चांदी की गिरावट को तेज किया है। (Gold-Silver Price)

शादी-ब्याह और गहने खरीदने वालों को मिल सकती है राहत

सोने और चांदी की कीमतों में आई गिरावट से उन परिवारों को राहत मिल सकती है, जिनके यहां शादी या अन्य पारिवारिक कार्यक्रम होने वाले हैं। आमतौर पर शादी के सीजन में सोने के गहनों की खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतों में बड़ी गिरावट आने से खरीदारों का बजट कुछ हद तक कम हो सकता है। हालांकि यह ध्यान रखना जरूरी है कि बाजार में दिखाई जा रही कीमत और ज्वेलरी की दुकान पर मिलने वाले अंतिम बिल में अंतर हो सकता है। गहने खरीदते समय सोने की शुद्धता, वजन, मेकिंग चार्ज, वेस्टेज और लागू GST को भी जोड़ना पड़ता है। इसलिए केवल प्रति 10 ग्राम के भाव को देखकर खरीदारी का बजट तय नहीं करना चाहिए। कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद खरीदारों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अभी खरीदारी की जाए या और सस्ता होने का इंतजार किया जाए। कम कीमत पर खरीदारी का अवसर जरूर बन सकता है, लेकिन बाजार में गिरावट का दौर कब रुकेगा, इसकी निश्चित भविष्यवाणी करना मुश्किल है। (Gold-Silver Price)

सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

एक्टपर्ट्स के मुताबिक सोने और चांदी में निवेश करने वालों को एकमुश्त बड़ी रकम लगाने के बजाय किस्तों में खरीदारी करने की रणनीति अपनानी चाहिए। इसके तहत निवेशक एक बार में पूरी रकम लगाने के बजाय 15 से 20 दिनों के अंतराल पर धीरे-धीरे खरीदारी कर सकते हैं। इससे अलग-अलग कीमतों पर खरीदारी होने के कारण किसी एक स्तर पर पूरी रकम लगाने का जोखिम कम किया जा सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, निवेश के उद्देश्य से सोना-चांदी खरीदने वालों को कुछ दिनों के उतार-चढ़ाव के बजाय लंबी अवधि को ध्यान में रखना चाहिए। हालांकि, निवेश से पहले अपनी जरूरत, बजट और जोखिम उठाने की क्षमता को समझना जरूरी है। सोने के गहने खरीदते समय BIS हॉलमार्क की जांच जरूर करनी चाहिए। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता की जानकारी मिलती है। खरीदार को गहने पर दर्ज शुद्धता और HUID नंबर की भी जांच करनी चाहिए। इसके अलावा दुकान पर उस दिन का सोने का भाव, गहने का वास्तविक वजन और मेकिंग चार्ज स्पष्ट रूप से पूछना चाहिए।

आगे किस दिशा में जा सकती हैं कीमतें ?

चांदी खरीदते समय भी उसकी शुद्धता और बिल जरूर जांचें। केवल चुंबक या बर्फ जैसे घरेलू तरीकों से चांदी की असलियत की पुष्टि नहीं की जा सकती। शुद्धता को लेकर संदेह होने पर प्रमाणित जांच कराना बेहतर है। फिलहाल सोने और चांदी के बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। निवेशकों की नजर अमेरिकी डॉलर, फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़े संकेतों, वैश्विक शेयर बाजार और महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी। इन कारकों में बदलाव से कीमती धातुओं की कीमतों में फिर तेजी या गिरावट देखने को मिल सकती है। रिकॉर्ड स्तर से सोने और चांदी की कीमतों में आई बड़ी गिरावट ने बाजार में खरीदारी के नए अवसर जरूर पैदा किए हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि मौजूदा भाव ही सबसे निचला स्तर हो। इसलिए खरीदारों और निवेशकों के लिए जल्दबाजी के बजाय बाजार की स्थिति समझकर फैसला लेना ज्यादा महत्वपूर्ण है। फिलहाल सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट ने खरीदारों को राहत जरूर दी है, लेकिन बाजार में अनिश्चितता अभी बनी हुई है। रिकॉर्ड ऊंचाई से भारी गिरावट के बाद अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या कीमती धातुओं के भाव यहीं स्थिर होंगे या गिरावट का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। ऐसे में खरीदारों के लिए जल्दबाजी के बजाय बाजार के रुख पर नजर रखना जरूरी होगा।

Back to top button
error: Content is protected !!