सोना-चांदी की चमक क्यों पड़ रही फीकी ? रिकॉर्ड हाई से लाखों रुपए टूटे भाव, जनवरी में रिकॉर्ड हाई पर पहुंची थी कीमतें

Gold Silver Market Analysis: सोने और चांदी को हमेशा से सुरक्षित निवेश का विकल्प माना जाता रहा है, लेकिन इस साल कीमती धातुओं के बाजार में ऐसा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, जिसने निवेशकों को भी चौंका दिया है। जनवरी 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद अब दोनों धातुओं की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। चांदी अपने रिकॉर्ड स्तर से करीब 2.5 लाख रुपए से ज्यादा नीचे आ चुकी है, जबकि सोने में भी करीब 60 हजार रुपए तक की गिरावट देखने को मिली है। सवाल यह है कि जब दुनिया में आर्थिक और भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं बनी हुई हैं, तब सोने जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली धातु की कीमतें लगातार क्यों टूट रही हैं? इसके पीछे अमेरिकी डॉलर की मजबूती, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी, ब्याज दरों को लेकर बदलती उम्मीदें और निवेशकों की मुनाफावसूली जैसे कई कारण हैं।
यह भी पढ़ें:- Gold-Silver Price: रिकॉर्ड भाव से औंधे मुंह गिरे सोना-चांदी, क्या अब खरीदारी का सही मौका ?
साल 2026 की शुरुआत में सोने और चांदी दोनों की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। जनवरी में सोना करीब 1.83 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा था। वहीं चांदी ने 29 जनवरी को करीब 4.04 लाख रुपए प्रति किलो का उच्चतम स्तर छुआ था, लेकिन इसके बाद बाजार की दिशा बदल गई। 20 नवंबर को दिल्ली के बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 5,200 रुपए गिरकर 1,29,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया था। वहीं चांदी 4,000 रुपए टूटकर 1.58 लाख रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई थी। 25 नवंबर के खुदरा बाजार के आंकड़ों में सोना करीब 1,22,570 रुपए और चांदी करीब 1,45,530 रुपए पर दर्ज की गई। इस तरह जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से दोनों कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। सोने की कीमतों में गिरावट की सबसे बड़ी वजहों में अमेरिकी डॉलर की मजबूती शामिल है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का कारोबार मुख्य रूप से डॉलर में होता है। जब डॉलर मजबूत होता है तो दूसरी मुद्राओं में सोना खरीदने वाले देशों के लिए इसकी कीमत बढ़ जाती है। इससे अंतरराष्ट्रीय मांग प्रभावित हो सकती है और कीमतों पर दबाव बनता है।
अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका
मौजूदा दौर में डॉलर की मजबूती ने सोने के साथ चांदी की कीमतों को भी प्रभावित किया है। निवेशक डॉलर आधारित परिसंपत्तियों की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे कीमती धातुओं में बिकवाली बढ़ रही है। सोने की कीमतों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति का भी सीधा असर पड़ता है। जब ब्याज दरें ऊंची रहती हैं या उनमें और बढ़ोतरी की आशंका होती है तो निवेशकों को बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट जैसे विकल्प ज्यादा आकर्षक लग सकते हैं। सोना नियमित ब्याज नहीं देता। ऐसे में अमेरिकी ट्रेजरी बॉन्ड पर यील्ड बढ़ने से निवेशक सोने में पैसा लगाने के बजाय ब्याज देने वाले विकल्पों की तरफ रुख कर सकते हैं। नवंबर में फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त बयानों और दिसंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावनाओं ने भी बाजार का माहौल प्रभावित किया है। सोने-चांदी की कीमतें जब तेजी से बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचती हैं तो बड़े निवेशक मुनाफा सुरक्षित करने के लिए अपनी होल्डिंग बेचने लगते हैं। इसे मुनाफावसूली कहा जाता है। बाजार में जब एक साथ बड़ी मात्रा में बिकवाली होती है तो कीमतों में तेज गिरावट आ सकती है। (Gold Silver Market Analysis)
सोने से ज्यादा क्यों टूट रही है चांदी ?
अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजारों, खासकर टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में उतार-चढ़ाव के कारण भी कुछ निवेशकों को नुकसान की भरपाई के लिए सोने जैसी परिसंपत्तियां बेचनी पड़ सकती हैं। इससे कीमती धातुओं पर अतिरिक्त दबाव बनता है। चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कुछ ऐसे कारण भी हैं, जो सोने से अलग हैं। चांदी का इस्तेमाल सिर्फ आभूषण और निवेश के लिए नहीं होता, बल्कि इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक उपकरण और औद्योगिक उत्पादन में भी बड़े पैमाने पर किया जाता है। इसलिए वैश्विक औद्योगिक गतिविधियों में सुस्ती आने या मांग कमजोर पड़ने की आशंका का असर चांदी पर ज्यादा पड़ सकता है। सिल्वर इंस्टीट्यूट के 2026 के अनुमान के मुताबिक वैश्विक चांदी के आभूषणों की मांग में करीब 22 प्रतिशत और चांदी के बर्तनों की मांग में करीब 17 प्रतिशत गिरावट की आशंका जताई गई है। भारत में भी इस साल चांदी की मांग में करीब 10 प्रतिशत कमी का अनुमान है। यानी चांदी पर एक तरफ निवेशकों की बिकवाली का दबाव है तो दूसरी तरफ औद्योगिक और आभूषण संबंधी मांग को लेकर भी चुनौतियां बनी हुई हैं। (Gold Silver Market Analysis)
क्या अभी सोना-चांदी खरीदना सही रहेगा ?
कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद अब निवेशकों और आम खरीदारों के सामने खरीदारी के सही समय को लेकर सवाल है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक सोने-चांदी में निवेश करने वालों को एकमुश्त पूरी रकम लगाने के बजाय किश्तों में खरीदारी करने की रणनीति अपनानी चाहिए। कुछ खरीदारी अभी की जा सकती है और बाकी रकम से 15 से 20 दिन के अंतराल पर निवेश किया जा सकता है। निवेश के लिए एक-दो महीने के बजाय 6 महीने से एक साल तक का नजरिया रखना बेहतर हो सकता है। हालांकि बाजार में गिरावट के बावजूद आगे कीमतें किस दिशा में जाएंगी, इसकी गारंटी नहीं है। आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों का बड़ा असर रह सकता है। दिसंबर में होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक, अमेरिकी महंगाई के आंकड़े, डॉलर की चाल और बॉन्ड यील्ड में बदलाव बाजार की दिशा तय करने वाले अहम संकेत होंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजारों की स्थिति, वैश्विक औद्योगिक मांग और केंद्रीय बैंकों की सोने की खरीदारी भी कीमतों को प्रभावित कर सकती है। फिलहाल सोने-चांदी में आई बड़ी गिरावट ने बाजार के समीकरण बदल दिए हैं। ऐसे में निवेशकों के लिए जल्दबाजी में फैसला लेने के बजाय वैश्विक संकेतों और बाजार की चाल पर नजर रखना जरूरी है।



