छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर, तीन अलग-अलग हादसे में 6 लोगों की मौत, मकान में घुसा कबाड़ से भरा ट्रक

Road Accidents in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मनेंद्रगढ़, बस्तर और बालोद में हुए अलग-अलग हादसों में 6 लोगों की जान चली गई। मनेंद्रगढ़ में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन और उनकी सहेली को कुचल दिया। बस्तर में ट्रक की टक्कर से बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि बालोद में मवेशियों से टकराने के बाद एक अधेड़ की जान चली गई। वहीं कोरबा में कबाड़ से भरा तेज रफ्तार ट्रक एक मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त घर में लोग सो रहे थे, लेकिन सभी सुरक्षित बच गए। पहला मामला मनेंद्रगढ़ का है, जहां नेशनल हाईवे-43 पर दोपहर इमली गोलाई के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक तीनों को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल रेफर किए जाने के दौरान दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें:- सट्टे में डूबे 70 लाख रुपये, आर्थिक तंगी से टूट गया परिवार का मुखिया; पत्नी और 3 बच्चों को जहर देकर खुद लगाई फांसी
मृतकों की पहचान नगोई निवासी भवन सिंह (27), उसकी बहन प्रमिला (20) और उनकी सहेली भूमिका (18) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक भवन सिंह अपनी बहन प्रमिला और उसकी सहेली भूमिका को बाइक से इलाज कराने मनेंद्रगढ़ अस्पताल लेकर आया था। इलाज के बाद तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इमली गोलाई के पास उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भवन सिंह और भूमिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल प्रमिला को तत्काल मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में पटना के पास एंबुलेंस में ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि भवन सिंह राजमिस्त्री का काम करता था, जबकि प्रमिला और भूमिका नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। (Road Accidents in Chhattisgarh)

अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने आई थी भूमिका
भूमिका अपनी सहेली प्रमिला के घर नगोई में आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। हादसे के बाद तीनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। दूसरा हादसा बस्तर जिले में जगदलपुर-बीजापुर नेशनल हाईवे-63 पर हुआ, जहां 23 नवंबर की शाम डिलमिली बाजार चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बुलेट को टक्कर मार दी। हादसे में बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना कोड़ेनार थाना क्षेत्र की है। मृतकों की पहचान हेमराज जोशी (30) और नरपत जोशी के रूप में हुई है। दोनों बुलेट से केशलूर से दंतेवाड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने डिलमिली बाजार चौक के पास उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हेमराज के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
राजस्थान के रहने वाले थे दोनों युवक
हेमराज मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर जिले का रहने वाला था और वर्तमान में बस्तर के केशलूर में कपड़े की दुकान में काम करता था। नरपत जोशी भी राजस्थान का निवासी बताया गया है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। शवों को राजस्थान ले जाने की तैयारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। कोड़ेनार थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। तीसरा हादसा बालोद जिले में हुआ है, जहां नेशनल हाईवे-930 पर एक अधेड़ की मौत हो गई। हादसा गुरूर थाना क्षेत्र के बोहारडीह गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान नाहंदा निवासी कृष्ण राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 51 साल के कृष्ण राम बाजार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक मवेशियों से टकरा गई, जिससे वह हादसे का शिकार हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। गुरूर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (Road Accidents in Chhattisgarh)
कबाड़ से भरा ट्रक मकान में घुसा
वहीं कोरबा के राताखार इलाके में देर रात तेज रफ्तार कबाड़ से भरा ट्रक सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त घर के अंदर लोग सो रहे थे। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, ट्रक की टक्कर से मकान के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के बजरंग चौक मुख्य मार्ग की है। जानकारी के मुताबिक ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक सीधे मकान में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया था। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश के बाद चालक मनोज सिंह को हिरासत में ले लिया। दूसरे चालक की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकाला गया और जब्त कर थाने ले जाया गया। पुलिस की जांच में ट्रक के अंदर 20 हजार 860 किलो कबाड़ मिला है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। हालांकि कबाड़ कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया गया है। मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में एक के बाद एक सामने आ रहे सड़क हादसों ने यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कहीं तेज रफ्तार भारी वाहन लोगों की जान ले रहे हैं तो कहीं सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी जानलेवा साबित हो रही है। मनेंद्रगढ़ और बस्तर में 6 लोगों की मौत ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं बालोद की घटना ने हाईवे पर मवेशियों की समस्या को एक बार फिर सामने ला दिया है। इन घटनाओं के बीच तेज रफ्तार पर नियंत्रण, भारी वाहनों की निगरानी और सड़कों से मवेशियों को हटाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदेश में सड़क हादसों की ये घटनाएं यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़कों पर मवेशियों की मौजूदगी कब किसी परिवार की खुशियां छीन ले, कहना मुश्किल है। (Road Accidents in Chhattisgarh)



