Google Analytics —— Meta Pixel

Chhattisgarh Ganja Smuggling : कंटेनर में ऐसा गुप्त चेंबर कि पुलिस भी रह गई हैरान! 407 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

कबीरधाम के चिल्फी में पुलिस ने कंटेनर के गुप्त चेंबर से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया। 2.29 करोड़ का माल जब्त कर यूपी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Chhattisgarh Ganja Smuggling :  छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कबीरधाम जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए कंटेनर ट्रक से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाई जा रही थी।

ड्राइवर सीट के ऊपर बना रखा था तस्करी का गुप्त ठिकाना

पुलिस को सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-30 के रास्ते एक कंटेनर में भारी मात्रा में गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चिल्फी पुलिस ने हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनर को रोक लिया। इसके बाद वाहन की बारीकी से तलाशी ली गई। (Chhattisgarh Ganja Smuggling)

तलाशी के दौरान पुलिस को ड्राइवर की सीट के ऊपर एक गुप्त चेंबर दिखाई दिया। पहली नजर में सामान्य दिखने वाले इस हिस्से को खोलकर जांच की गई तो पुलिस भी हैरान रह गई। चेंबर के भीतर गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने कुल 192 पैकेटों से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया।

गांजा, कंटेनर और मोबाइल समेत 2.29 करोड़ का सामान जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये है, जबकि वाहन और मोबाइल सहित जब्त कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये आंका गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा से लेकर उत्तरप्रदेश जा रहे थे। पुलिस अब इस बात की जानकारी जुटा रही है कि ओडिशा में उन्हें गांजा किसने उपलब्ध कराया था और उत्तरप्रदेश में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी।

ओडिशा से यूपी तक फैले तस्करी नेटवर्क की जांच

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कितने लोग शामिल हैं और इससे पहले गांजे की कितनी खेप दूसरे राज्यों में पहुंचाई जा चुकी है।

कंटेनर के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर से इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस अंतर्राज्यीय तस्करी के संगठित नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी है। (Chhattisgarh Ganja Smuggling)

Back to top button
error: Content is protected !!