छत्तीसगढ़ विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड जारी, हाजिरी में BJP आगे, सदन में सवाल पूछने में विपक्ष ने सत्ता पक्ष को पछाड़ा
Chhattisgarh Assembly Attendance Report: छत्तीसगढ़ विधानसभा का अगला सत्र 14 से 17 दिसंबर तक आयोजित होगा। चार दिन के इस शीतकालीन सत्र से पहले विधायकों की उपस्थिति और सदन में उनकी सक्रियता का रिपोर्ट कार्ड सामने आया है। रिपोर्ट में जहां उपस्थिति के मामले में भाजपा के विधायक आगे नजर आ रहे हैं, वहीं सवाल पूछने के मामले में विपक्ष ने सत्ता पक्ष को पीछे छोड़ दिया है। आंकड़े बताते हैं कि विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विधायकों की मौजूदगी और सदन में उनकी सक्रियता के बीच अलग-अलग तस्वीर देखने को मिली है। 19 दिसंबर 2023 से 17 जुलाई 2026 तक के विधानसभा उपस्थिति रजिस्टर के मुताबिक कुल 79 कार्यदिवसों में भाजपा के 6 विधायकों ने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें शकुंतला सिंह पोर्ते, प्रेमचंद पटेल, अनुज शर्मा, रोहित साहू, रिकेश सेन और डोमनलाल कोर्सेवाड़ा (दिवंगत) शामिल हैं।
यह भी पढ़ें:- मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप का नया टैरिफ वार, भारत समेत 14 देशों पर शुल्क बढ़ाने की तैयारी
इन सभी विधायकों ने 79 में से 79 दिन विधानसभा में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। वहीं कांग्रेस की ओर से कोई भी विधायक पूरे 79 दिन सदन में उपस्थित नहीं रहा। कांग्रेस की चातुरी नंद, अंबिका मरकाम और यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने 77-77 दिन उपस्थिति दर्ज कराई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एकमात्र विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम 73 दिन सदन में उपस्थित रहे। सामान्य विधायकों में सबसे कम उपस्थिति भाजपा विधायक रेणुका सिंह की रही। उन्होंने 79 कार्यदिवसों में से सिर्फ 32 दिन विधानसभा में उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा 45 दिन सदन में पहुंचे। इसके अलावा रायपुर पश्चिम से भाजपा विधायक राजेश मूणत और भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की उपस्थिति 50-50 दिन रही। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 59 दिन और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल 63 दिन विधानसभा पहुंचे। हालांकि विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों के नाम उपस्थिति रजिस्टर में शामिल नहीं होते, क्योंकि ये जनप्रतिनिधि उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं।
सवाल पूछने में विधायक अनुज शर्मा आगे
विधानसभा में उपस्थिति के साथ विधायकों की सदन में सक्रियता भी चर्चा का विषय है। सवाल पूछने के आंकड़ों में कुछ ऐसे विधायक सामने आए हैं, जिनकी उपस्थिति और प्रश्नों की संख्या दोनों उल्लेखनीय रही। 79 में से सभी दिन उपस्थित रहने वाले भाजपा विधायक अनुज शर्मा ने सर्वाधिक 237 सवाल पूछे। उनके बाद रोहित साहू ने 115, रिकेश सेन ने 103, शकुंतला सिंह पोर्ते ने 56 और प्रेमचंद पटेल ने 51 सवाल लगाए। वहीं सर्वाधिक सवाल पूछने वालों में भावना बोहरा का नाम प्रमुखता से सामने आया। उन्होंने 284 सवाल पूछे, जबकि उनकी उपस्थिति 78 दिन रही। धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर और भोलाराम साहू ने भी 284-284 सवाल पूछे। इन तीनों विधायकों की उपस्थिति 76-76 दिन रही। फरवरी 2024 से जुलाई 2026 तक छत्तीसगढ़ विधानसभा में आयोजित सत्रों के दौरान विधायकों ने कुल 12,559 सवाल लगाए। इनमें विपक्ष के विधायकों ने 7,870 सवाल पूछे, जबकि सत्ता पक्ष के विधायकों की ओर से 4,689 सवाल लगाए गए। (Chhattisgarh Assembly Attendance Report)
एक बैठक में अधिकतम चार सवालों का नियम
इस तरह सवाल पूछने के मामले में विपक्ष ने सत्ता पक्ष के मुकाबले 3,181 ज्यादा सवाल पूछे। कुल सवालों में विपक्ष की हिस्सेदारी करीब 63 प्रतिशत रही, जबकि सत्ता पक्ष की हिस्सेदारी लगभग 37 प्रतिशत रही। आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि सदन में सरकार को घेरने और अलग-अलग मुद्दों पर जवाब मांगने के मामले में विपक्ष ज्यादा सक्रिय रहा। विधानसभा की कार्य संचालन नियमावली के मुताबिक एक बैठक में किसी विधायक के अधिकतम चार प्रश्न विचार के लिए जा सकते हैं। ऐसे में विधायकों की ओर से लगाए गए सवालों की संख्या सदन में उनकी सक्रियता और अलग-अलग मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की स्थिति को भी दर्शाती है। कुल मिलाकर विधानसभा के रिपोर्ट कार्ड में दो अलग-अलग तस्वीरें सामने आई हैं। उपस्थिति के मामले में भाजपा के विधायक आगे रहे, जबकि सवाल पूछने में विपक्ष ने बढ़त बनाई। अब 14 दिसंबर से शुरू होने वाले चार दिवसीय विधानसभा सत्र में देखना होगा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष किन मुद्दों को लेकर आमने-सामने आते हैं और सदन की कार्यवाही कितनी सक्रिय रहती है। (Chhattisgarh Assembly Attendance Report)



