Google Analytics —— Meta Pixel

संसद सत्र से पहले सियासी हलचल तेज, परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर कैबिनेट में चर्चा, बहुमत जुटाने में जुटी सरकार

Parliament Special Session: संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार और विपक्ष ने अपनी-अपनी रणनीति तेज कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों पर चर्चा की गई। इन विधेयकों को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरकार जहां बिलों को पारित कराने के लिए समर्थन जुटाने की कोशिश में है, वहीं विपक्ष ने भी अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार धोखे से बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। विधेयकों को लेकर कांग्रेस ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सभी सांसदों को संसद की कार्यवाही के दौरान मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आज शाम 4:30 बजे दिल्ली में कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई गई है। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में ED की बड़ी छापेमारी, रायपुर-भिलाई-धमतरी में महादेव सट्टा ऐप केस को लेकर दबिश

बैठक में संसद सत्र के दौरान पार्टी की भूमिका और विधेयकों पर अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा होगी। वहीं विपक्षी दलों के रुख को लेकर भी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने बिलों के समर्थन को लेकर कहा है कि पहले विधेयकों को देखा जाएगा, उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। दूसरी ओर डीएमके ने भी कहा है कि पार्टी के भीतर चर्चा के बाद ही अपना रुख स्पष्ट करेगी। प्रस्तावित विधेयकों में सबसे अहम मुद्दा लोकसभा सीटों का परिसीमन है। इसके तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 तक करने की तैयारी है। प्रस्ताव के मुताबिक सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत तक वृद्धि की जा सकती है। इससे संसद में प्रतिनिधित्व का स्वरूप बदलने की संभावना है। (Parliament Special Session)

दो-तिहाई बहुमत का गणित, सरकार के सामने चुनौती

सरकार का उद्देश्य परिसीमन के बाद महिला आरक्षण कानून को प्रभावी तरीके से लागू करने का रास्ता तैयार करना है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई यानी 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने की योजना है। सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करना चाहती है। इन विधेयकों को पारित कराने में सबसे बड़ी चुनौती संविधान संशोधन के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करना है। आंकड़ों के मुताबिक लोकसभा में कुल 540 सांसदों के मतदान करने की स्थिति में विधेयक पारित कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी। सरकार के पास फिलहाल 320 वोट बताए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में डीएमके के 22, शरद पवार गुट की एनसीपी के 8 और वाईएसआरसीपी के 4 सांसदों का समर्थन मिलने पर सरकार के पक्ष में कुल 354 वोट हो सकते हैं। यानी इसके बाद भी दो-तिहाई बहुमत के लिए 6 वोट कम पड़ेंगे। ऐसे में सरकार को अतिरिक्त समर्थन जुटाना होगा या क्रॉस वोटिंग की संभावना पर निर्भर रहना पड़ सकता है।

बिल पास होने पर बदल सकता है चुनावी ढांचा

वहीं दूसरी स्थिति में अगर समाजवादी पार्टी के सभी 37 सांसद मतदान से अनुपस्थित रहते हैं तो सदन में मतदान करने वाले सांसदों की संख्या घटकर 503 रह जाएगी। इस स्थिति में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 336 हो जाएगा। सरकार के 320 वोटों के साथ डीएमके, शरद पवार गुट की एनसीपी और वाईएसआरसीपी का समर्थन मिलने पर कुल संख्या 354 पहुंच सकती है। इस तरह अनुपस्थिति की स्थिति में सरकार के लिए विधेयक पारित कराना आसान हो सकता है। प्रस्तावित संवैधानिक बदलावों का असर सिर्फ लोकसभा की सीटों और महिला आरक्षण तक सीमित नहीं रह सकता। परिसीमन के जरिए लोकसभा की सीटों में वृद्धि होने से राज्यों का प्रतिनिधित्व और चुनावी क्षेत्रों की संरचना बदल सकती है। इसके साथ ही 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों से महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की दिशा में रास्ता खुल सकता है। (Parliament Special Session)

संसद में सरकार और विपक्ष के बीच बढ़ेगा टकराव

वहीं लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की योजना यानी ‘एक देश-एक चुनाव’ को लेकर भी संवैधानिक बदलावों की चर्चा इस व्यापक राजनीतिक एजेंडे से जुड़ी हुई है। समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे अन्य संवैधानिक और कानूनी सुधारों के लिए भी भविष्य में व्यापक राजनीतिक सहमति और संविधान संशोधन की जरूरत पड़ सकती है। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक अब संसद में बड़े राजनीतिक मुद्दे बनते नजर आ रहे हैं। सरकार इन्हें महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और संसदीय प्रतिनिधित्व का विस्तार करने की दिशा में अहम कदम बता रही है। वहीं विपक्ष विधेयकों के प्रावधानों, परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहा है। अब सबकी नजर कैबिनेट की बैठक और संसद में होने वाली चर्चा पर है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सरकार जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटा पाएगी और क्या इन विधेयकों को 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने का रास्ता साफ हो सकेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!