Google Analytics —— Meta Pixel

परिसीमन बिल पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, CM साय ने बताया फायदेमंद, सुखदेव भगत बोले- सरकार की नीयत में खोट

Delimitation Bill Controversy: लोकसभा में परिसीमन बिल पेश किए जाने की चर्चा के बीच छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिसीमन और महिला आरक्षण को देश के लिए फायदेमंद बताते हुए इसका समर्थन किया है। वहीं कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि महिला आरक्षण बिल को परिसीमन की आड़ में लाया जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत ने मुख्यमंत्री साय को जुमलों का बाजीगर बताया तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार के कामकाज और मुख्यमंत्री के बयानों पर तीखा हमला बोला। परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा में परिसीमन बिल पेश किए जाने और संसद के विशेष सत्र को लेकर कहा कि विशेष सत्र बुलाया जाना अच्छी बात है। परिसीमन लागू होने से इसका लाभ देश को मिलेगा।

यह भी पढ़ें:- चौतरफा संकट में घिरा पाकिस्तान, बलूचिस्तान और खैबर के बाद अब सिंध में बगावत की आग, गृहयुद्ध जैसे बन रहे हालात

उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ सकती है, जिससे ज्यादा लोगों को प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल लागू होने से महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के अच्छे अवसर मिलेंगे। परिसीमन और महिला आरक्षण दोनों का फायदा देश को मिलेगा। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ेगा और महिलाओं की भागीदारी भी मजबूत होगी। विशेष सत्र को लेकर कांग्रेस नेताओं के सवालों पर मुख्यमंत्री साय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और लगातार चुनाव हारने के कारण बौखला गई है। कांग्रेस देश की जनता का विश्वास खो चुकी है, इसलिए इस तरह की अनर्गल बातें करती है।

मोदी के चेले साय भी जुमलों के बाजीगर: सुखदेव

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब चुनाव जीतती है तो उसे ईवीएम और चुनाव आयोग ठीक लगते हैं, लेकिन हारने पर हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ती है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष के रवैये को खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसा बताया। मुख्यमंत्री साय के बयान के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत ने दुर्ग जिले के भिलाई में पलटवार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुमलों के बाजीगर हैं, उसी तरह उनके चेले विष्णुदेव साय भी जुमलों के बाजीगर हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से अपील करते हुए कहा कि अब विष्णुदेव साय को टाटा-बाय-बाय करने का वादा करें। सुखदेव भगत दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। शुक्रवार को दुर्ग पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भिलाई के सेक्टर-4 स्थित एक निजी भवन में भिलाई, चरोदा और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों के कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। (Delimitation Bill Controversy)

परिसीमन की आड़ में क्या छिपा रही सरकार?: सुखदेव

बैठक में प्रदेश के 17 नगर निगमों के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, स्थानीय विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को लेकर सुखदेव भगत ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आखिर ऐसी कौन-सी आवश्यकता आन पड़ी है कि महिला आरक्षण बिल को परिसीमन की आड़ में लाया जा रहा है? सरकार को बताना चाहिए कि वह किसकी घूंघट की आड़ में यह बिल ला रही है और लोगों से क्या छिपाना चाहती है। भगत ने कहा कि महिला आरक्षण, परिसीमन और जनप्रतिनिधित्व जैसे गंभीर विषयों पर व्यापक चर्चा होनी चाहिए। देश की जनसंख्या, क्षेत्रीय संतुलन और संघीय ढांचे जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हड़बड़ी में काम कर रही है और उसकी नीयत में खोट है। उन्होंने संविधान दिवस के दिन सूचना के अधिकार की अवहेलना किए जाने का भी आरोप लगाया। भगत ने कहा कि बहुमत का मतलब अहंकार नहीं होता। सरकार को ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए, लेकिन मौजूदा सरकार छिप-छिपकर काम करना चाहती है।

भूपेश, ताम्रध्वज और देवेंद्र के नाम पर कांग्रेस का चुनावी दांव

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने आगामी चुनावों को लेकर भी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू और देवेंद्र यादव जैसे दिग्गज नेता हैं। इस बार पार्टी चक्रव्यूह तोड़ने के लिए तैयार है। भगत ने आगामी निकाय चुनाव को कांग्रेस का सेमीफाइनल बताया। उन्होंने कहा कि इसके बाद 2028 का विधानसभा चुनाव फाइनल और 2029 का लोकसभा चुनाव मेगा फाइनल होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की। बैठक के दौरान सुखदेव भगत ने राज्य सरकार पर विकास कार्यों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू किए गए विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और मौजूदा सरकार गहरी नींद में सो रही है। सरगुजा संभाग के दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के क्षेत्र में जाने पर उन्हें अव्यवस्था और भ्रष्टाचार दिखाई दिया। सड़क, नाली, बिजली, किसान और युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि हर मोर्चे पर सरकार विफल नजर आ रही है। भगत ने यह भी आरोप लगाया कि संविधान दिवस पर युवाओं के लिए वैकेंसी जारी नहीं की गई, जबकि पहले इस अवसर पर भर्तियों की घोषणा होती थी। (Delimitation Bill Controversy)

भूपेश बघेल ने CM साय के बयानों पर उठाए सवाल

उन्होंने भाजपा पर बड़े-बड़े विज्ञापनों और होर्डिंग के जरिए प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस का मतलब जमीन पर दिखाई देने वाला विकास है। भगत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव जीतने के लिए धनबल नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं का पसीना और मेहनत काम आएगी। भिलाई में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पर मुख्यमंत्री का नियंत्रण नहीं है। यहां तक कि मुख्यमंत्री की जुबान पर भी नियंत्रण नहीं है। बघेल ने मुख्यमंत्री के कुछ सार्वजनिक बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि कभी मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी जयंती मनाने की बात करते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जयंती उन लोगों की मनाई जाती है, जो इस दुनिया में नहीं हैं, जबकि जीवित व्यक्ति का जन्मदिन मनाया जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री साय के प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देने वाले बयान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कभी प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देते हैं तो कभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को मुख्यमंत्री के रूप में आमंत्रित करते हैं।

बघेल खुद कार चलाकर सुखदेव को छोड़ने पहुंचे स्टेशन

बघेल ने इन बयानों को लेकर मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के साथ-साथ मुख्यमंत्री का अपनी जुबान पर भी नियंत्रण नहीं है। कांग्रेस की बैठक और कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद एक राजनीतिक तस्वीर भी चर्चा में रही। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद कार चलाकर प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत को स्टेशन छोड़ने पहुंचे। इस दौरान सुखदेव भगत उनके बगल वाली सीट पर बैठे नजर आए, जबकि कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता पीछे-पीछे पहुंचे। कुल मिलाकर परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जहां इसे प्रतिनिधित्व बढ़ाने और महिलाओं को अवसर देने वाला कदम बता रहे हैं, वहीं कांग्रेस इसे सरकार की मंशा और पारदर्शिता से जोड़कर सवाल उठा रही है। आने वाले दिनों में संसद के विशेष सत्र और परिसीमन से जुड़े फैसलों के साथ यह सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!