Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में 1280 करोड़ के शराब घोटाले का ‘मनीमैन’ गिरफ्तार, UAE से भारत लाया गया विकास अग्रवाल

Chhattisgarh Liquor Scam: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित 1,280 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल को संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE से भारत लाया गया है। CBI ने इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर UAE की एजेंसियों की मदद से उसे गिरफ्तार कराया। 27 नवंबर 2026 को आरोपी को मुंबई एयरपोर्ट लाया गया, जहां छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम उसे लेने के लिए पहुंची थी। जांच एजेंसियां विकास अग्रवाल को शराब घोटाले के सिंडिकेट का अहम वित्तीय समन्वयक यानी ‘मनीमैन’ बता रही हैं। आरोप है कि उसने कमीशन की रकम जुटाने से लेकर उसे अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

यह भी पढ़ें:- महादेव सट्टा और शराब घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, दिल्ली से रायपुर तक छापेमारी

जांच एजेंसियों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में साल 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं। आरोप है कि इस दौरान एक संगठित सिंडिकेट के जरिए शराब कारोबार में अवैध कमीशन वसूली और वित्तीय लेन-देन का नेटवर्क संचालित किया गया। इस कथित घोटाले से सरकारी खजाने को 1,280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचने का अनुमान है। CBI के अनुसार विकास अग्रवाल इस पूरे नेटवर्क में केंद्रीय वित्तीय समन्वयक की भूमिका निभा रहा था। उस पर डिस्टिलरी से कमीशन की रकम इकट्ठा करने और उसे सरकारी अधिकारियों समेत अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होने का आरोप है। जांच में यह भी आरोप लगाया गया है कि उसने कई कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं के माध्यम से कथित तौर पर अवैध कमाई को इधर-उधर करने में मदद की। इसके जरिए रकम के वास्तविक स्रोत और उसके मालिकाना हक को छिपाने की कोशिश की गई।

नवंबर 2024 में दाखिल हो चुकी है चार्जशीट

इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस नवंबर 2024 में ही अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। हालांकि जांच में नाम सामने आने के बाद विकास अग्रवाल फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस ने केंद्रीय जांच एजेंसी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मदद मांगी थी। इसके बाद CBI के इंटरपोल डिवीजन ने आरोपी के खिलाफ रेड नोटिस जारी करवाने की प्रक्रिया पूरी की। इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर UAE की एजेंसियों ने विकास अग्रवाल की लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद प्रत्यर्पण और अन्य जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं, जिसके बाद उसे भारत भेजा गया। CBI के मुताबिक आरोपी को भारत लाने की पूरी कार्रवाई विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पुलिस के समन्वय से की गई। छत्तीसगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट टीम UAE पहुंची थी। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर UAE की एजेंसियों ने विकास अग्रवाल को भारतीय टीम के हवाले किया। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर मुंबई पहुंची। 27 नवंबर को मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (Chhattisgarh Liquor Scam)

इंटरपोल के जरिए 300 से ज्यादा भगोड़े लाए गए भारत

बता दें कि CBI भारत में इंटरपोल की नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में काम करती है। भारतपोल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश की अलग-अलग जांच एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। CBI के अनुसार, साल 2019 से अब तक इंटरपोल के सहयोग से 300 से ज्यादा वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें साल 2026 में अब तक 78 भगोड़ों की वापसी कराई गई है। विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को छत्तीसगढ़ के 1,280 करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाले की जांच में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक वह कथित तौर पर घोटाले की रकम के लेन-देन और वितरण से जुड़ी अहम कड़ी था। ऐसे में भारत वापसी के बाद उससे पूछताछ में सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क, कमीशन की रकम और कथित लाभार्थियों से जुड़े नए तथ्य सामने आने की संभावना है। अब इस मामले में आगे की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर नजर रहेगी। (Chhattisgarh Liquor Scam)

Back to top button
error: Content is protected !!