कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर भाजपा का वार, CM साय बोले- फूट डालो और राज करो, सुखदेव ने कहा- सरकार अपने गिरेबान में झांके
Congress Internal Factional Politics: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक अनुशासन और गुटबाजी को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक तरफ प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की बैठक में तीन जिलाध्यक्षों की गैरमौजूदगी के बाद पार्टी के भीतर अनुशासन का मुद्दा चर्चा में है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को लेकर भाजपा लगातार हमलावर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए कहा है कि पार्टी जहां भी जाती है, वहां गुटबाजी देखने को मिलती है। वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने पलटवार करते हुए कहा कि राज्य सरकार को कांग्रेस की चिंता करने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- परिसीमन बिल पर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, CM साय ने बताया फायदेमंद, सुखदेव भगत बोले- सरकार की नीयत में खोट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति पर काम करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी में जहां भी देखिए, गुटबाजी नजर आती है। सीएम ने भूपेश बघेल के पंजाब प्रभारी रहने के दौरान हुए विरोध का जिक्र करते हुए टिप्पणी की कि शायद इसी का परिणाम है कि उनका प्रभार प्रदेश बदल दिया गया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस की स्थिति क्या है, यह सभी जानते हैं। कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर मुख्यमंत्री साय पहले भी हमला बोल चुके हैं। 26 फरवरी 2026 को बजट सत्र के दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री पद के फॉर्मूले को लेकर चली खींचतान का जिक्र किया था। (Congress Internal Factional Politics)
तीन जिलाध्यक्षों की गैरमौजूदगी पर भाजपा का तंज
CM साय ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस के भीतर सत्ता को लेकर चली इस खींचतान का असर आम लोगों पर भी पड़ा। भाजपा लगातार कांग्रेस के पिछले कार्यकाल और पार्टी के आंतरिक मतभेदों को राजनीतिक मुद्दा बनाती रही है। कांग्रेस में गुटबाजी और अनुशासन का मुद्दा उस समय और चर्चा में आ गया, जब प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की बैठक में तीन जिलाध्यक्ष बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। कांकेर के रवि घोष, अंबिकापुर के बालकृष्ण पाठक और रायगढ़ ग्रामीण के जिलाध्यक्ष नेगी के बैठक में नहीं पहुंचने पर प्रदेश प्रभारी ने नाराजगी जताई और तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस मामले को लेकर भाजपा ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पर तंज कसा। भाजपा की ओर से साझा की गई पोस्ट में प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत को नाराजगी जताते और निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को बाहर करने की बात कहते हुए दिखाया गया।
![]()
संविधान रक्षा मार्च में कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को लेकर भी तंज कसा गया। भाजपा ने इस घटनाक्रम को कांग्रेस के संगठनात्मक मतभेदों से जोड़कर निशाना साधा। दूसरी ओर कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत संविधान रक्षा मार्च निकालकर भाजपा पर हमला बोला। इसमें प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। मार्च के दौरान सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी ने संविधान को अपनी जागीर समझ लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ती रहेगी और न रुकेगी, न झुकेगी। वहीं दीपक बैज ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी वाशिंग पाउडर संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 2028 में छत्तीसगढ़ और 2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी। पार्टी ने 2029 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का भी दावा किया।
भाजपा नेताओं ने भी किया पलटवार
कांग्रेस के इन दावों पर भाजपा नेताओं ने पलटवार किया। मंत्री लखनलाल देवांगन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी ने आपातकाल लगाकर संविधान की धज्जियां उड़ाईं, उस पर देश कैसे भरोसा करेगा। इस तरह संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों पर प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत ने भाजपा और राज्य सरकार को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए। कांग्रेस पार्टी की चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर भाजपा के हमले और कांग्रेस नेताओं के पलटवार के बीच प्रदेश की सियासत में गुटबाजी और संगठनात्मक एकजुटता का मुद्दा फिर चर्चा में है। आने वाले नगरीय निकाय चुनाव से पहले दोनों दल इस मुद्दे को राजनीतिक तौर पर भुनाने की कोशिश में जुटे हैं। (Congress Internal Factional Politics)



