Google Analytics —— Meta Pixel

Gangrel Dam Gates Opened: 93% जलभराव के बाद लबालब हुआ गंगरेल बांध, खोले गए सभी 14 गेट

Gangrel Dam Gates Opened: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रहे बारिश के चलते रविशंकर सागर जलाशय गंगरेल बांध में 93 प्रतिशत जलभराव हो चुका है। कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन संभाग रूद्री ए.के. पालड़िया ने बताया कि रविवार दोपहर तीन बजे बांध के 14 गेट खोलकर कुल 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें से 7800 क्यूसेक पानी रेडियल गेट के जरिए और 2200 क्यूसेक पानी 10 मेगावॉट बिजली निर्माण के लिए इलेक्ट्रिक बोर्ड के लिए छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि गंगरेल बांध के कैचमेंट एरिया से 37 हजार क्यूसेक पानी आ रहा है। धमतरी जिला प्रशासन द्वारा नदी के आसपास के 45 गांवों में पानी छोड़ने संबंधी मुनादी कर सतर्क किया गया है।

यह भी पढ़ें:- School Bus Checking: यातायात पुलिस और RTO ने की स्कूल बसों की जांच, ड्राइवर-कंडक्टर को दी गई समझाइश

इधर, जिला प्रशासन की ओर से महानदी के किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पहाड़ों से लगातार पानी आने के चलते गंगरेल डैम 93 फीसदी तक भर गया है। राजनांदगांव में उफनता नाला पार नहीं कर पाने के कारण एक मरीज की मौत हो गई। वहीं रायपुर-कांकेर के बीच नेशनल हाईवे-30 पर चट्‌टान गिरने से जगदलपुर रूट बंद हो गया है। दूसरी ओर सुकमा के कोंटा शहर में पानी कम होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बाद अब दक्षिण बस्तर में हो रही बारिश भी कहर बनने लगी है। (Gangrel Dam Gates Opened)

बारिश के बाद उफान पर नदी-नाले 

लगातार हो रही बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। इसके चलते छत्तीसगढ़ से तीनों राज्यों का संपर्क अभी तक कटा हुआ है। हाईवे पूरी तरह से पानी में डूबा है। कई बड़े वाहन-ट्रक भी उसमें फंस गए हैं। इस दौरान सेना वहां फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर रही है। कोंटा से लगते तेलंगाना के भद्राचलम में पानी के चलते लोग बचने के लिए घरों की छत पर चले गए हैं। धमतरी में रविवार तड़के करीब 4 बजे से मूसलाधार बारिश जारी है। इसके चलते शहर के आमापारा वार्ड में कमर तक पानी भर गया है। लोग उस भरे हुए पानी में नाव चलाकर मस्ती कर रहे हैं। शहर की सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी भरा हुआ है। दूसरी ओर नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। नगरी क्षेत्र के कई गांवों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिले में डेढ़ इंच बारिश दर्ज की गई है। (Gangrel Dam Gates Opened)

महानदी का जल स्तर बढ़ा

वहीं दूसरी ओर कांकेर में भी रात से लगातार बारिश हो रही है। इसके कारण कांकेर के साथ ही चरामा और केशकाल से लगातार पानी आने से महानदी का जल स्तर बढ़ने लगा है। गंगरेल डैम भी फुल होने की स्थिति में है। बताया जा रहा है कि 76 हजार क्यूसेक पानी आ रहा है। इसे देखते हुए रायपुर से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई थी। उनके आने के बाद बांध के गेट खोल दिए गए हैं। अभी के अनुमान के मुताबिक, 20 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। डैम से पानी छोड़ जाने का असर धमतरी के साथ ही रायपुर, गरियाबंद और बलौदाबाजार में भी पड़ेगा। ऐसे में प्रशासन ने महानदी के किनारे बसे गांवों को अलर्ट कर दिया है। ग्रामीणों से नदी किनारे और उसके आसपास जाने से रोका जा रहा है। इसे लेकर जिले के SP और अन्य पुलिस अफसरों को सूचित किया गया है। उनसे कहा गया है कि स्थानीय स्तर पर व्यवस्था करें। किसी भी तरह से जान या माल का नुकसान न हो पाए। (Gangrel Dam Gates Opened)

बारिश के चलते लैंड स्लाइड का खतरा बढ़ा

इधर, बारिश के चलते लैंड स्लाइड का खतरा बढ़ने लगा है। कांकेर-रायपुर नेशनल हाईवे पर चरामा के आगे मरकटोला घाट में रविवार सुबह चट्‌टान टूटकर गिरी है। इसके चलते मार्ग पर जाम लग गया। हालांकि कोई नुकसान नहीं हुआ है। सूचना मिलने पर चट्‌टान को हटाकर रास्ता साफ कराया गया है। इससे पहले भी यहां पत्थर गिरते रहे हैं। इसके अलावा चारामा के कुर्रुभाठ मार्ग को जोड़ने वाली सड़क बह गई है। इसे कई गांवों का संपर्क कट गया है।

छत्तीसगढ़ में अब तक 412.5 मिमी औसत बारिश दर्ज

जून 2022 से अब तक छत्तीसगढ़ में 412.5 मिमी औसत बारिश दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से 17 जुलाई तक रिकार्ड की गई बारिश के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1030.1 मिमी और बलरामपुर जिले में सबसे कम 140.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। प्रदेश में पिछले दस वर्षों के आधार पर अब तक वर्षा का औसत 366.8 मि.मी. है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सरगुजा में 157.2 मिमी, सूरजपुर में 226.3 मिमी, जशपुर में 167.9 मिमी, कोरिया में 245.3 मिमी, रायपुर में 279.3 मिमी बारिश दर्ज हुई है।

बलौदाबाजार में 398.7 मिमी बारिश दर्ज

वहीं बलौदाबाजार में 398.7 मिमी, गरियाबंद में 492.9 मिमी, महासमुंद में 437.9 मिमी, धमतरी में 470.8 मिमी, बिलासपुर में 437.6 मिमी, मुंगेली में 477.0 मिमी, रायगढ़ में 369.0 मिमी, जांजगीर-चांपा में 502.1 मिमी, कोरबा में 318.7 मिमी, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में 435.5 मिमी, दुर्ग में 389.6 मिमी, कबीरधाम में 397.4 मिमी, राजनांदगांव में 456.3 मिमी, बालोद में 539.9 मिमी, बेमेतरा में 308.3 मिमी, बस्तर में 517.5 मिमी, कोण्डागांव में 504.0 मिमी, कांकेर में 566.1 मिमी, नारायणपुर में 415.3 मिमी, दंतेवाड़ा में 464.7 मिमी और सुकमा में 403.7 मिमी औसत बारिश रिकॉर्ड की गई।

Back to top button
error: Content is protected !!