हड़ताल खत्म होने के बाद CM भूपेश बघेल से मिले हेल्थ वर्कर्स, पढ़ें पूरी खबर

Health Workers Meet CM: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि संघ द्वारा 4 जुलाई से जारी हड़ताल वापस ले ली गई है। हड़ताल पर गए सभी कर्मचारी कार्य पर वापस लौट गए हैं। मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों के विषय में विस्तार से चर्चा की और उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
यह भी पढ़ें:- उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के आश्वासन के बाद स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल खत्म
मुख्यमंत्री बघेल ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत मांगों पर मुख्य सचिव द्वारा परीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री का प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ से प्रांताध्यक्ष आलोक मिश्रा, ओपी शर्मा, अश्वनी गुर्देकर, एसपी देवांगन, सतीश पसेरिया, अनिल गढ़ेवाल, तिनेन्द्र साहू, समीर सेन समेत कई पदाधिकारीगण उपस्थित थे। (Health Workers Meet CM)
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से मुलाकात के बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया था। मीटिंग में गैर आर्थिक मांगों पर सहमति बनी। वहीं आर्थिक मांगों पर विचार करने का आश्वासन मिला। स्वास्थ्य कर्मचारी आज से ही अपने-अपने काम पर लौट गए हैं। इससे पहले मंत्री सिंहदेव ने राज्य के लोगों के हित में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से काम पर लौटने का आग्रह किया था। उनकी पहल पर संघ के पदाधिकारियों ने चर्चा के बाद हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का ऐलान किया। (Health Workers Meet CM)
जानकारी के लिए बता दें कि वेतन सुधार, संविदा और दैनिक वेतन भोगी स्वास्थ्यकर्मियों का नियमितिकरण, नियमित भर्तियों से पहले सभी संविदा और दैनिक वेतन भोगियों को नियमित करने, स्वास्थ्य कर्मचारियों को पुलिस विभाग की तरह 1 साल में 13 महीने का वेतन देने, ओपीडी समयावधि को 1 पाली में सुबह 8-2 करने, चार स्तरीय वेतनमान देने, तकीनीकी पदों के लिए 4 स्तरीय पदोन्नति चैनल, स्टाफ नर्स को 3-4 वेतन वृद्धि समेत 24 मांगों को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारी 4 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे। (Health Workers Meet CM)



