Google Analytics —— Meta Pixel

देश के 22 राज्यों में बारिश और बाढ़ से हाहाकार, अब तक 753 लोगों की मौत

India Flood Damage: देश के 22 राज्यों में बारिश और बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। इन राज्यों के 235 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। 10 हजार मकान तबाह हो गए हैं। बाढ़ के चलते 2.50 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है। वहीं बारिश और बाढ़ से अब तक 753 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि मरने वाले जानवरों की संख्या 21 हजार के पार पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र के रायगढ़ में लैंडस्लाइड की वजह से पूरा गांव तबाह हो गया। इसमें अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है।

यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में लैंडस्लाइड से तबाह हुआ पूरा गांव, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 22

महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात के बीच NDRF की 12 टीमें तैनात की गई हैं। वहीं गुजरात में भारी बारिश को देखते हुए 6 जिलों में NDRF की तैनाती की गई हैं। इधर, हरियाणा के सिरसा जिले में घग्गर नदी का पानी दिल्ली-बठिंडा नेशनल हाईवे-9 तक पहुंच गया है। इसकी वजह से सिरसा शहर के डूबने का खतरा पैदा हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के अंदर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्यप्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, गोवा, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश के आसार है। (India Flood Damage)

इसी तरह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में बाढ़ पीड़ितों को 10 हजार रुपए की सहायता देने पर केजरीवाल कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। उत्तर प्रदेश में 14 जिलों के 406 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। इससे 38 हजार 996 लोग प्रभावित हैं। भारी बारिश के चलते पालघर में और पुणे में दो दिन सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को बंद किया गया है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बाढ़ और लैंडस्लाइड के कारण आठ लोगों की मौत हो चुकी है। असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 8 पहुंच गई। अभी भी 1 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। (India Flood Damage)

इधर, पंजाब में बाढ़ के हालात काबू में नहीं आ रहे हैं। मालवा के बाद अब माझा भी बाढ़ की चपेट में है। पठानकोट का हिमाचल प्रदेश से जोड़ने वाला चक्की पुल कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है। वहीं करतारपुर कॉरिडोर भी अगले 3 दिन के लिए बंद कर दिया गया है। अब श्रद्धालु अगले 3 दिन पाकिस्तान में श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए नहीं जा सकेंगे। SBI की रिपोर्ट के मुताबिक बिपरजॉय तूफान और मानसूनी बाढ़ की वजह से देश को 10 हजार से 15 हजार करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि अभी भी बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। ऐसे में आर्थिक नुकसान का आंकड़ा और भी बढ़ेगा। (India Flood Damage)

Back to top button
error: Content is protected !!