Google Analytics —— Meta Pixel

मातम में बदली शादी की खुशी, हल्दी रस्म के दौरान दीवार ढहने से 7 लोगों की मौत

Wall Collapsed in Mau: उत्तरप्रदेश में शादी की खुशी मातम में बदल गई है। दरअसल, मऊ में दूल्हे की हल्दी की रस्म के दौरान घर के बगल में बन रहे मकान की दीवार ढह गई, जिसके मलबे में दबने से 5 महिलाओं और दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं हादसे में 19 महिलाएं, दो युवतियां और एक बच्चा घायल हुआ है, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल और आजमगढ़ में भर्ती कराया गया है। JCB के जरिए मलबा हटाकर घायलों और मृतकों का रेस्क्यू किया गया। घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के बस अड्डे के पास की है, जहां मदापुर समसपुर स्थित एक शख्स के निर्माणाधीन मकान की दीवार अचानक ढह गई।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh: मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे PM नरेंद्र मोदी !, प्रदेशवासियों से किया था वादा

घटना के समय दीवार के पास ही महिलाएं शादी कार्यक्रम की हल्दी रस्म के लिए इकट्ठा हुई थीं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिन्होंने तुरंत बचाव और राहत कार्य शुरू कराया। बताया जा रहा है कि मदापुर समसपुर स्थित असकरी मेमोरियल स्कूल के पास एक दीवार बनी थी। दीवार करीब 10 फीट ऊंची, 15 फीट लंबी थी। यहां स्थानीय निवासी राधेश्याम बृजेश कुमार गुप्ता के बेटे बालेंदु गुप्ता की शनिवार को बलिया जनपद में बारात जानी है। उनके घर पर दूल्हे को हल्दी लगाने की रस्म चल रही थी। तभी बगल में खड़ी दीवार भरभरा कर जमींदोज हो गई। (Wall Collapsed in Mau)

वहीं हादसे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के घरवालों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। वहीं मृतकों के परिजनों को 02-02 लाख और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार सहायता राशि प्रदान करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि नगर पंचायत स्थित कस्बा बाजार में एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान बगल में खड़ी दीवार गिर गई, जिसमें 20 लोग दब गए। घायलों का इलाज जिला अस्पताल, आजमगढ़ और सीएचसी में करवाया जा रहा है। SP अविनाश पांडे ने बताया कि 5 महिलाओं समेत 2 बच्चों की मौत हुई है। बाकी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। (Wall Collapsed in Mau)

Back to top button
error: Content is protected !!