Google Analytics —— Meta Pixel

PM मोदी ने भाजपा नेताओं को दी संयम रखने की सलाह, कहा- विपक्ष ने विपक्ष में रहने का बनाया मन

PM Modi on Opposition: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में आयोजित भाजपा संसदीय दल की बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संसद सुरक्षा चूक मामले को लेकर विपक्ष को घेरा है। भाजपा संसदीय दल की बैठक में PM मोदी ने कहा कि विपक्ष ने अपने स्थान पर यानी विपक्ष‌ में ही बने रहने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने संसद की सुरक्षा में सेंध मारी, कुछ दल एक तरह से उनके समर्थन में आवाज उठा रहे हैं। यह सेंधमारी की ही तरह खतरनाक है। बता दें कि भाजपा की संसदीय दल की बैठक संसद के लाइब्रेरी परिसर में हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड‌्डा शामिल हुए।

यह भी पढ़ें:- पूर्व CM भूपेश बघेल को कांग्रेस ने दी बड़ी जिम्मेदारी, राष्ट्रीय गठबंधन समिति के बनाए गए सदस्य

बैठक में PM मोदी ने कहा कि लोकतंत्र में भरोसा करने वाले हर व्यक्ति को संसद परिसर में हुई घुसपैठ की घटना की निंदा करनी चाहिए, लेकिन कुछ पार्टियां सुरक्षा चूक के मामले को सपोर्ट कर रही हैं। बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने संसद सुरक्षा चूक के लिए बेरोजगारी और महंगाई को दोषी ठहराया था। इसे लेकर PM ने कहा कि मैं नहीं समझ पा रहा हूं लोकतंत्र में भरोसा करने वाली कोई पार्टी कैसे इस घटना को सही ठहरा सकती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विपक्षी दल हालिया विधानसभा चुनावों में मिली हार से परेशान हैं और अपनी बौखलाहट में संसद की कार्यवाही में बाधा डाल रहे हैं। PM मोदी ने भाजपा नेताओं से संयम बरतने और लोकतांत्रिक नियमों का पालन करने को कहा है। (PM Modi on Opposition)

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि I.N.D.I.A गठबंधन का लक्ष्य हमारी सरकार को हटाना है। जबकि हमारी सरकार का लक्ष्य इस देश के लिए बेहतर भविष्य तैयार करना है। विपक्षियों के इस व्यवहार से 2024 में इनके नंबर और कम होंगे। भाजपा को फायदा होगा। PM मोदी ने कहा कि संसद में विपक्षी सांसद शामिल होंगे या नहीं, इससे फर्क नहीं पड़ता। हमें जरूर शामिल होना है। कुछ बिल बहुत महत्वपूर्ण हैं, जिन पर चर्चा होनी चाहिए। अगर विपक्ष चर्चा में शामिल होता तो अच्छी बात होती, लेकिन शायद अच्छे काम उनके भाग्य में नहीं हैं। वहीं संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि 2023 की संसदीय दल की अंतिम बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनके अंदर एक कार्यकर्ता अभी भी जीवित है। (PM Modi on Opposition)

Back to top button
error: Content is protected !!