Google Analytics —— Meta Pixel

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप का कांग्रेस पर तंज, कहा- सरकार और पार्टी में जमकर भ्रष्टाचार

साय सरकार के कैबिनेट मंत्री और नारायणपुर विधायक केदार कश्यप ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस की मैराथन बैठक को लेकर तंज कसा है। कश्यप ने कहा कि उनके पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, PCC के अध्यक्ष दीपक बैज और प्रभारी कुमारी सैलजा के ऊपर लगातार आरोप लग रहे हैं। दावेदारों, विधायकों और प्रत्याशियों ने आरोप लगाए हैं। उन्होंने सरकार और अपनी पार्टी में भ्रष्टाचार किया है, जिस तरीके से लेनदेन की बातें सामने आ रही है दुर्भाग्य है। देश की सबसे पुरानी पार्टी पर इस तरीके से इल्जाम लगा रहे हैं।

कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि लोकसभा चुनाव के पहले तक कांग्रेस में बहुत सारी टूट होगी। कांग्रेस पहले अपने लोगों को जोड़ने की कोशिश करें। उसके बाद दूसरे दलों की बात करे। भाजपा द्वारा नए चेहरों के चयन को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल के बयान पर केदार कश्यप ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सारे नेता हमारे लिए सम्मानीय हैं और उनके मार्गदर्शन में काम करेंगे। बहुत सारे सीनियर नेता मंत्रिमंडल में है। कांग्रेस पार्टी को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। सत्यनारायण शर्मा, अमितेश शुक्ल का क्या हुआ? ऐसे कितने नेता हैं जिनको दरकिनार रखा। बीजेपी सब का सम्मान करती है।

कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दरकिनार तो किया ही उसके साथ ही जिस तरीके से बेज्जती की वो सबने देखा। बीजेपी सरकार आते ही बढ़ते नक्सली हमले पर पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इसके संबंध में तो कवासी लखमा बता पाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कहते थे कि उनके पास तो बहुत सारे सबूत हैं और वह अपने जेब में लेकर चलते हैं। उस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कवासी लखमा बता पाएंगे कि किस कारण से समर्थन दिया। कांग्रेस द्वारा क्राउड फंडिंग किए जाने पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस का वास्तविक चेहरा लोगों के सामने आया है। लोगों ने उनको नकारा है। वह कोशिश कर रहे हैं कि फिर से अपने चेहरे को ठीक करें।

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस आतंकवादियों और अपराधिक तत्वों के साथ खड़े होते हैं, जो प्रदेश और देश को साथ में नुकसान पहुंचाना चाहते हैं उनके साथ में खड़े दिखाई देते हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे को लेकर कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय पदाधिकारी, सारे प्रदेश अध्यक्ष, सारे नेता, प्रदेश पदाधिकारी की बैठक थी। उसमें सम्मिलित हुए। हमारे बड़े नेताओं से भी मुलाकात हुई। छत्तीसगढ़ राज्य के लिए हमारे केंद्र की सरकार पहले भी गंभीर थी। योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से हुआ, जिन योजनाओं को बंद किया गया है उन योजनाओं का लाभ हमारे लोगों को प्राप्त हो इस बात की चिंता मुख्यमंत्री को है। बता दें कि CM साय ने PM मोदी से मुलाकात की।

Back to top button
error: Content is protected !!