Google Analytics —— Meta Pixel

राजिम कुंभ की भव्यता फिर लौटेगी, देशभर से आएंगे साधु संत: CM विष्णुदेव साय

CM Sai in Rajim: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय धर्म नगरी राजिम के त्रिवेणी संगम में आयोजित भक्त माता राजिम जयंती महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने समाज के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों के साथ भगवान राजीव लोचन और भक्त माता राजिम की पूजा-अर्चना कर प्रदेश और समाज की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री साय ने जयंती समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि साहू समाज एक प्रगतिशील समाज है। हम सबको भक्त माता राजिम और भक्त माता कर्मा के बताए संदेशों का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ की भव्यता फिर लौटेगी। देशभर से साधु-संत इसमें शामिल होने आएंगे।

यह भी पढ़ें:- अफगानिस्तान के खिलाफ T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, रोहित और कोहली की हुई वापसी

उन्होंने प्रदेशवासियों को भक्त माता राजिम जयंती की बधाई दी और कहा कि भक्त माता राजिम ने साहू समाज को अपनी मेहनत और त्याग से संगठित किया। यह समाज शिक्षा, कृषि व व्यवसाय सहित सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने का काम छत्तीसगढ़ सरकार ने शुरू कर दिया है। दो साल का बकाया धान बोनस की राशि हमने 25 दिसंबर सुशासन दिवस के अवसर पर राज्य के 12 लाख से ज्यादा किसानों के खाते में 3700 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि जारी कर दी है। हमने 13 दिसंबर को शपथ लेने बाद 14 दिसंबर को पहली कैबिनेट बैठक में राज्य के 18 लाख से ज्यादा परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी है। (CM Sai in Rajim)

CM साय ने कहा कि हमने युवाओं से किया वादा पूरा करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग के मामले की जांच CBI को सौंपने का निर्णय लिया है। राज्य के किसानों को प्रति क्विंटल के मान से 3100 रुपए का भुगतान किया जाएगा। धान खरीदी में अभी किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान किया जा रहा है। किसानों को अंतर की राशि का भी जल्द भुगतान किया जाएगा। माताओं बहनों को महतारी वंदन योजना के तहत हर साल 12 हजार रुपए देने का वादा भी पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर साहू समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने उपस्थित जनसमूह को भक्त माता राजिम जयंती और नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि साहू समाज एक संगठित समाज के रूप में जाना जाता है। (CM Sai in Rajim)

साव ने कहा कि हम सभी यहां राजिम माता की जयंती मनाने आए हैं। उन्होंने कहा कि सभी समाज में एक देवी-देवता आराध्य होते हैं, लेकिन साहू समाज का यह सौभाग्य है कि हमारी दो आराध्य देवी हैं। माता राजिम और माता कर्मा जिनके आशीर्वाद से हमारा समाज आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि साहू समाज ने सेवा कार्य में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। साहू समाज के लिए गौरव का विषय है कि राजिम भक्तिन माता हमारे समाज की आराध्य देवी हैं। उन्होंने कहा कि साहू समाज सबको दिशा देने का काम करता है और सभी समाजों को साथ लेकर चलता है। कार्यक्रम को सांसद चुन्नीलाल साहू ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री रमशीला साहू समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। (CM Sai in Rajim)

Back to top button
error: Content is protected !!