छत्तीसगढ़ सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी केंद्र: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

CG PM Shri Yojana: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया यानी PM श्री योजना का शुभारंभ किया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के मुताबिक PM श्री योजना के अंतर्गत चयनित 14,500 सरकारी स्कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके लिए केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के 211 स्कूलों का चयन पहले चरण में किया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग के हड़ताली कर्मचारियों को मिलेगा वेतन, आदेश जारी
उन्होंने कहा कि भारत सरकार शिक्षा के विकास के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी। PM श्री योजना के दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ की अपेक्षाओं के अनुरूप ज्यादा से ज्यादा स्कूलों को शामिल किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 211 स्कूलों में PM श्री योजना की शुरुआत की गई है, जिसके तहत 2-2 करोड़ प्रति स्कूल राशि खर्च कर स्कूलों को बड़े शहरों और विश्व स्तर के आदर्श स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया’ प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत की परिकल्पना का प्रमुख आधार है। (CG PM Shri Yojana)
केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान जी के मुख्य आतिथ्य में छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया "पीएम श्री योजना" का शुभारंभ हुआ।
केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत देश भर के 14500 सरकारी स्कूलों को पीएम श्री योजना में अपग्रेड किया जा… pic.twitter.com/BoLt8D83Zh
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) February 19, 2024
कार्यक्रम के पहले अतिथियों ने आयोजन स्थल पर PM श्री योजना समेत शिक्षा से संबंधित योजनाओं पर लगाए गए स्टालों का अवलोकन किया। केंद्रीय मंत्री ने केंद्रीय विद्यालय डोंगरगढ़ में डिजिटल लाइब्रेरी, रामानुज मैथ्स पार्क और नवोदय विद्यालय में वर्चुअल रियलटी का शुभारंभ किया। PM श्री योजना में छत्तीसगढ़ के चयनित 211 स्कूलों में एलीमेन्ट्री स्तर पर 193 और सेकेंडरी स्तर पर 18 स्कूल शामिल हैं। विद्यार्थियों को इन स्कूलों में आईसीटी, डिजिटल क्लास रूम के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इन स्कूलों के विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा और स्थानीय उद्योगों के साथ इंटर्नशिप, उद्यमिता के अवसरों से जोड़ा जाएगा। (CG PM Shri Yojana)
LIVE :पी एम श्री योजना का शुभारंभ, रायपुर,छत्तीसगढ़ https://t.co/NHwnkpyJeV
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) February 19, 2024
अतिथियों ने उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि स्टॉलों के अवलोकन के दौरान उनकी विद्यार्थियों से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और ज्ञान का स्तर देखकर मैं यह कह सकता हूं कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी बच्चे दूसरे राज्यों के बच्चों से काफी आगे हैं। यही छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी पूंजी है। बच्चों ने मुझसे आटोग्राफ भी लिया। चर्चा के दौरान बच्चों में क्रिटिकल थिंकिंग का रिफलेक्शन देखने को मिला। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में समग्र शिक्षा के विकास के लिए केन्द्र सरकार हरसंभव सहयोग देगी। (CG PM Shri Yojana)
खेलकूद और योगा भी सिखाया जाएगा
उन्होंने कहा कि हर स्कूल में बागवानी हो, बच्चों को पोषण के साथ खेलकूद और योगा भी सिखाया जाए, ताकि बच्चे स्वस्थ्य रहें। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 में कक्षा 8वीं तक बच्चों को मातृभाषा और स्थानीय भाषा में शिक्षा दी जाएगी। इसके लिए केन्द्र सरकार सरकारी चैनल शुरू करेगी, जिसमें छत्तीसगढ़ी सहित हल्बी, गोंडी, भतरी, सरगुजिया जैसी भाषाएं भी शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी सहित सभी स्थानीय भाषाएं राष्ट्रीय भाषाएं हैं। नई शिक्षा नीति में कौशल विकास और टेक्नालॉजी पर विशेष जोर दिया गया। 6वीं से 12वीं तक सभी विद्यार्थियों को भाषा, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, आर्ट, स्पोर्टस, पेंटिंग, संगीत-नृत्य जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे। (CG PM Shri Yojana)
बच्चों को 10 दिनों का शैक्षणिक भ्रमण
प्रधान ने कहा कि स्कूली बच्चों को 10 दिनों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाएगा, जिसमें बच्चों को जंगल, एयरपोर्ट, अबूझमाड़ क्षेत्र, टेक्सटाइल्स, पंडवानी जैसे लोककलाओं आदि को नजदीक से जानने और समझने का मौका मिलेगा। यह सभी क्षेत्र अपने आप में ओपन यूनिवर्सिटी हैं। उन्होंने 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी तैयारी छत्तीसगढ़ से प्रारंभ हो, यहां के खिलाड़ी 10 प्रतिशत मेडल लेकर आएं। हर स्कूल में खेल का मैदान हों, खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित हो। उन्होंने कहा कि बच्चे स्वयं एंकरिंग कर अपने गांव और उनकी विशेषताओं पर एक मिनट की रील बनाएं। (CG PM Shri Yojana)
2025-26 से बोर्ड परीक्षा देने के दो अवसर
केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को शिक्षा सत्र 2025-26 से बोर्ड परीक्षा देने के दो अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में नवाचार पर जोर दिया गया है। इसका पहला उद्देश्य बच्चों को परीक्षा के तनाव से मुक्त करना है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वहीं छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम में सांसद सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा, गुरू खुशवंत साहेब, मोतीलाल साहू, राज्य औषधि बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रामप्रताप सिंह भी मौजूद रहे। (CG PM Shri Yojana)



