Google Analytics —— Meta Pixel

आज अंबिकापुर दौरे पर रहेंगे PM नरेंद्र मोदी, चुनावी सभा को करेंगे संबोधित

PM Modi Ambikapur Tour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे आज (24 अप्रैल) दूसरा दिन है। आज वे सरगुजा लोकसभा सीट के अंबिकापुर पीजी कॉलेज मैदान में सुबह 10.45 बजे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भारी वाहनों का प्रवेश देर रात 3 बजे से ही प्रतिबंधित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों समेत 1600 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के मुताबिक वे रायपुर से प्लेन के जरिए रायगढ़ स्थित जिंदल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। रायगढ़ एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से PM मोदी अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे।

यह भी पढ़ें:- PM मोदी के राजभवन में रुकने पर राजनीति, कांग्रेस ने चुनाव आयोग में की शिकायत

PM मोदी सुबह 10.35 बजे पीजी कॉलेज ग्राउंड पहुंचेंगे और 10.45 बजे सभा को संबोधित करेंगे। PM मोदी कार्यक्रम खत्म होने के बाद वापस रायगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे। आमसभा में करीब एक लाख भीड़ जुटने का अनुमान है। 11 साल में पीजी कॉलेज मैदान में PM नरेंद्र मोदी की यह तीसरी सभा है। साल 2014 में लाल किले की तरह बने मंच से PM मोदी ने जनसभा को संबोधित किया था, जिसकी देशभर में चर्चा हुई थी। PM मोदी की सभा में मंच पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देवसिंह, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, लक्ष्मी राजवाडे समेत संभाग के सभी विधायक मौजूद रहेंगे। (PM Modi Ambikapur Tour)

अंबिकापुर में PM मोदी के दौरे के दौरान SPG के अधिकारियों की निगरानी में 4 लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र को जिला मजिस्ट्रेट ने नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। कलेक्टर के आदेश के तहत यूएवी, ड्रोन, गुब्बारे समेत किसी भी प्रकार के विमान उपकरणों की उड़ान पर रोक लगा दी गई है। इस दौरान किसी भी रूप में हवाई फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रधानमंत्री रायगढ़ से सेना के MI 17 हेलीकॉप्टर से अंबिकापुर गांधी स्टेडियम पहुंचेंगे। स्टेडियम में 3 हेलीकॉप्टर उतारे जाएंगे। बता दें कि आज लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव के  लिए प्रचार थम जाएगा। छत्तीसगढ़ की तीन सीटों राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद में शाम पांच बजे चुनावी शोर थम जाएगा। (PM Modi Ambikapur Tour)

Back to top button
error: Content is protected !!