आज दुर्ग और बिलासपुर संभाग में हो सकती है बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
Chhattisgarh Weather Report: छत्तीसगढ़ के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जिसका सेहत पर भी असर पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच अचानक बारिश से राहत तो मिलती है, लेकिन बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। वहीं प्रदेश में बारिश थमने के बाद फिर तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। अगले 5 दिन में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इस बीच आज (25 अप्रैल) बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में बारिश के आसार नहीं है।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में फिर महसूस हुए भूकंप के झटके, 7 मिनट में 2 बार हिली धरती
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा में नमी कम होने लगी है, जिसकी वजह से मौसम शुष्क हो रहा है। बुधवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान तिल्दा में 41.6 डिग्री दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री अंबिकापुर में रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आज बिलासपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, बिलासपुर, पेंड्रा और मुंगेली जिले में बारिश के आसार है। मौसम विभाग ने 26 अप्रैल तक अंधड़ चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी का दौर जारी रहेगा। (Chhattisgarh Weather Report)
26 अप्रैल को इन जिलों में बारिश के आसार
26 अप्रैल को रायपुर, रायगढ़ कोरबा, दुर्ग,राजनांदगांव, बस्तर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले में बारिश की संभावना है। वहीं 27 अप्रैल को सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, दुर्ग, बालोद, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी और पेंड्रा में बारिश हो सकती है। राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहेगा। इसी के साथ अधिकतम तापमान भी बढ़ेगा। पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर में भी तापमान बढ़कर 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। ये सामान्य से 1 डिग्री कम है। वहीं आज तापमान के 40 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। इधर, आंधी-तूफान से बिलासपुर में ब्लैक आउट की समस्या खड़ी हो गई है, जिससे लोगों को बिना बिजली के ही रात गुजारनी पड़ी। बता दें कि कई जगह पेड़ गिरने से बिजली के तार टूट गए हैं। वहीं पोल ही गिर गए हैं। इसके चलते शहर में घंटों अंधेरा छाया रहा। (Chhattisgarh Weather Report)



