छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू, चीफ जस्टिस ने किया सत्यापन कार्य का निरीक्षण
High Court Summer Vacation: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में 13 मई 2024 से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू हो गया है। अवकाश के पहले दिन मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने अपने न्यायालय में लिस्टेड प्रकरणों की सुनवाई की। इसके बाद ज्यूडिशियल शाखाओं में चल रहे प्रकरणों के सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया। बता दें कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार औचित्यहीन लंबित प्रकरणों (infructuous cases) को चिन्हांकित करने की प्रणाली विकसित किया जाना है, जिससे ऐसे चिन्हांकित लंबित प्रकरणों को सुनवाई के बाद निराकृत किया जा सके।
यह भी पढ़ें:- दादी को छोड़कर गांव लौट रहे पत्रकार के साथ फिल्मी अंदाज में लूट, पढ़ें पूरी खबर
इसी कड़ी में मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के निर्देशानुसार रिट, क्रिमिनल अपील, क्रिमिनल रिवीजन, अवमानना प्रकरणों और अन्य प्रकरणों में औचित्यहीन लंबित प्रकरणों (infructuous cases) की लिस्ट बनाने का कार्य चल रहा है, जिसे ज्यूडिशियल ऑफिसर, उच्च न्यायालय के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किया जा रहा है। कार्य का निरीक्षण करने के लिए मुख्य न्यायाधीश सभी शाखा में गए। साथ ही सत्यापित किए गए प्रकरणों की जांच की। उन्होंने रजिस्ट्रार जनरल और रजिस्ट्रार ज्यूडिशियल को निर्देशित किया कि रोजाना शाखाओं में चल रहे सत्यापन कार्य की जांच करें और उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वे सत्यापन कार्य का समय-समय पर औचक निरीक्षण करते रहेंगे। (High Court Summer Vacation)
7 जून 2024 तक अवकाश घोषित
बता दें कि हाईकोर्ट में 13 मई से 7 जून तक अवकाश घोषित किया गया है। 8 और 9 जून को शनिवार और रविवार होने के कारण 10 जून सोमवार से हाईकोर्ट में नियमित कामकाज शुरू होगा। अवकाश के दौरान प्रदेशवासियों और जरूरतमंदों को किसी तरह की कोई परेशानी ना हो इसके लिए अवकाशकालीन बेंच का गठन किया गया है। अवकाशकालीन बेंच में मामलों की सुनवाई होगी। अवकाशकालीन बेंच में मामलों को सूचीबद्ध करते समय दोनों ही तरह के प्रकरणों को ध्यान में रखा जाएगा। इस दौरान अत्यावश्यक और पुराने मामलों को दाखिल करने समेत सूचीबद्ध करने की कार्रवाई की जाएगी। अवकाशकालीन बेंच में सुनवाई के लिए सभी सिविल, आपराधिक और रिट मामलों को काजलिस्ट में सूचीबद्ध किया जाएगा। (High Court Summer Vacation)



