MDH और एवरेस्ट को मिला क्लीन चिट, 28 सैंपल टेस्ट में पास हुए मसालें

MDH and Everest Masala: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने MDH और एवरेस्ट को क्लीन चिट दे दिया है। साथ ही भारतीय मसालों में हानिकारक पदार्थों की मिलावट की बात खारिज कर दी है। FSSAI ने व्यापक जांच के बाद इनमें एथिलीन ऑक्साइड नहीं मिलने की पुष्टि की है। एथिलीन ऑक्साइड से कैंसर होने का खतरा रहता है। FSSAI ने 22 अप्रैल को मसालों की जांच के लिए देशभर में जांच अभियान शुरू किया था। जांच में महाराष्ट्र और गुजरात में एवरेस्ट की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स से 9 नमूने और दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में MDH की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स से 25 नमूनों का विश्लेषण किया गया।
यह भी पढ़ें:- चरवाहों और किसानों के बीच खूनी संघर्ष, 40 लोगों की हुई मौत
विशेष रूप से गठित वैज्ञानिक पैनल ने 34 सैंपल में से 28 की रिपोर्ट में एथिलीन ऑक्साइड के नहीं होने की पुष्टि की है। बाकी छह सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी हैं। देशभर में अन्य ब्रांडों के मसालों के 300 से ज्यादा सैंपल इकट्ठे किए गए थे। इनमें से किसी में भी एथिलीन ऑक्साइड की मौजूदगी नहीं थी। बता दें कि सिंगापुर और हॉन्गकॉन्ग ने अप्रैल महीने में MDH और एवरेस्ट के कुछ मसालों में पेस्टिसाइड एथिलीन ऑक्साइड की लिमिट से ज्यादा मात्रा होने का दावा किया था। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि दोनों देशों में MDH और एवरेस्ट कंपनियों के कुछ प्रोडक्ट्स को बैन किया गया है। (MDH and Everest Masala)
FSSAI ने 22 अप्रैल को शुरू किया था जांच अभियान
हॉन्गकॉन्ग के फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने कहा था कि MDH ग्रुप के तीन मसाला यानी मिक्स- मद्रास करी पाउडर, सांभर मसाला पाउडर और करी पाउडर में एथिलीन ऑक्साइड की मात्रा ज्यादा पाई गई है। एवरेस्ट के फिश करी मसाला में भी यह कार्सिनोजेनिक पेस्टिसाइड पाया गया है। विवाद के बाद FSSAI ने 22 अप्रैल को देशभर में जांच अभियान शुरू किया और फूड कमिश्नर्स से मसाला बनाने वाली सभी कंपनियों के सैंपल कलेक्ट करने को कहा था। हालांकि भारत सरकार से जुड़े सूत्रों ने दावा किया कि सिंगापुर और हॉन्गकॉन्ग में किसी भारतीय मसालों पर बैन नहीं है। मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज करते हुए कहा गया है कि पॉपुलर मसाला ब्रांड्स MDH और एवरेस्ट के प्रोडक्ट्स के सिर्फ कुछ बैच को रिजेक्ट किया गया था। (MDH and Everest Masala)



