एग्जिट पोल पर कांग्रेस को नहीं भरोसा, खड़गे ने कहा- 295 सीटें जीतेगा INDIA गठबंधन
Congress on Exit Poll: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जारी एग्जिट पोल पर INDIA गठबंधन के नेताओं को भरोसा नहीं है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि INDIA गठबंधन कम से कम 295 सीटें जीतेगा। हम एक हैं और एक रहेंगे। हमें विभाजित करने की कोशिश मत करो। वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 4 जून को मंगलवार है और मंगल होने जा रहा है। सबसे ज्यादा सीटें उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और INDIA गठबंधन की होंगी। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हम 295 से ज्यादा सीटें जीतेंगे और INDIA गठबंधन जीत रहा है। देश की जनता जीत रही है।
यह भी पढ़ें:- लोकसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल से BJP उत्साहित, जानिए किस नेता ने क्या कहा…?
दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि INDIA गठबंधन को 295 से ज्यादा सीट मिल रही है और बीजेपी को करीब 220 सीट मिल रही है। NDA को करीब 235 सीट मिल रही है। INDIA गठबंधन अपने दम पर स्थिर और मजबूत सरकार बनाने जा रहा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि हमने अपने आंकड़े इकट्ठे किए हैं। तकरीबन 295 सीटें INDIA गठबंधन को मिलने वाले हैं। हम सरकार बना रहे हैं। यह जनता का पोल vs सरकारी पोल है। हमने तय किया कि हम भी सबके सामने जाकर यह पोल रखेंगे। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि हम पूरी तरह से आश्वस्त हैं कि हमारी 295 से ज्यादा सीटें आएंगी। बीजेपी को 220 और NDA को कुल मिलकार 235 सीटें मिलेंगी। ये विश्वास हमें हिंदुस्तान की जनता दे रही है। (Congress on Exit Poll)
INDIA गठबंधन को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी: नाना पटोले
एग्जिट पोल पर महाराष्ट्र कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि INDIA गठबंधन को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा कि मुझे किसी एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं है। मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं कि हम कर्नाटक में दोहरे आंकड़े को पार करेंगे। राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार भूपेश बघेल ने कहा कि एक बात सामान्य है, जो सभी मैनस्ट्रीम मीडिया में दिखाई दे रही है। सभी ने तमिलनाडु, केरल और फिर कर्नाटक और तेलंगाना से एग्जिट पोल की शुरुआत की है। 4 जून को परिणाम भी आएंगे, अभी तो सवाल टीआरपी का है। (Congress on Exit Poll)
एग्जिट पोल मंजूर नहीं: राजद नेता
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा कि हम पूरे देश में घूम-घूमकर प्रचार कर रहे हैं और हमें पता है कि जमीनी हकीकत क्या है। एग्जिट पोल पूरी तरह से अवैज्ञानिक हैं। पिछले साल छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अधिकांश एग्जिट पोल के नतीजे गलत निकले थे। हमारी दिलचस्पी असली पोल में है। यानी जनता के वोट… कर्नाटक में भाजपा को काफी नुकसान होगा। केरल और तमिलनाडु में उन्हें निश्चित रूप से कोई फायदा नहीं होगा। राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि हमें ये एग्जिट पोल मंजूर नहीं हैं। यह सिर्फ मनोवैज्ञानिक दबाव डालने के लिए है। (Congress on Exit Poll)
मुंगेरीलाल के हसीन सपने: हरदीप पुरी
राजद नेता ने कहा कि हम अपने समर्थकों और अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहना चाहते हैं कि वे 4 जून तक इंतजार करें। 4 जून को INDIA गठबंधन की सरकार बनाने जा रही है और हमें 295 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। इस पर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि इन्हें दो-तीन दिन कहने दें। इसके बाद कहेंगे कि EVM में गड़बड़ी हो गई। इस बार भाजपा-NDA मिलाकर 400 पार और अकेले भाजपा 370। वहीं बीजेपी नेता हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि खरगे जी ने INDIA गठबंधन के लिए लोकसभा चुनाव में 295 सीटों का आंकड़ा दिया है। मुंगेरीलाल के हसीन सपने। कांग्रेस को उम्मीद है कि उन्हें 300 सीटें मिलेंगी। जबकि वह 328 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। अगर उनका स्ट्राइक रेट 80% भी हो तो भी उन्हें 300 सीटें नहीं मिलेंगी। (Congress on Exit Poll)



