PM मोदी विपक्ष के सवालों का जवाब देना अपनी तौहीन समझते हैं: कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे

Congress Parliamentary Party: संसद के सेंट्रल हॉल में कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हुई, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नव निर्वाचित सांसदों ने इन विपरीत हालात में चुनाव लड़ा और जीते। सत्तापक्ष ने कांग्रेस के खाते बंद कर दिए। कई नेताओं को सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर परेशान किया गया। ऐसे में चुनकर आने के लिए विशेष बधाई। PM और कई मंत्रियों, BJP नेताओं ने हमारे मैनिफेस्टो के बारे में झूठ फैलाया। अपने भाषणों से PM ने नफरत फैलाने और मतदाताओं को बांटने का काम किया।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष बनीं सोनिया गांधी, राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग
उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद देता हूं। CPP की अध्यक्षता करते हुए संसद और पार्टी अध्यक्ष के रूप पूरे देश में इन्होंने सालों हम लोगों का नेतृत्व किया। राहुल गांधी की ऐतिहासिक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने कांग्रेस के चुनावी अभियान को नई दिशा और ताकत दी। 2024 में किसी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला। भाजपा ने एक व्यक्ति- एक चेहरे के नाम पर वोट मांगा, लेकिन जनादेश उनके खिलाफ रहा। कांग्रेस पार्टी ने शुरू से ही संविधान और लोकतंत्र पर खतरा, संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों की बदहाली और गरीबों की दिक्कतों को मुख्य मुद्दा बनाया। (Congress Parliamentary Party)
सहयोगी दलों का समर्थन मिला: खड़गे
खड़गे ने कहा कि CPP अध्यक्ष सोनिया के नेतृत्व में हम लगातार इन मुद्दों को संसद में उठाते रहे। बाहर विरोध प्रदर्शन करते रहे। काफी मेहनत हुई, तब ये लोगों के मुद्दे बने। सोनिया गांधी के करिश्माई नेतृत्व, मेहनत और अनुभव की वजह से हमें सहयोगी दलों से अच्छे तालमेल का लाभ मिला। संसद को सुचारू रूप से चलाने के लिए विभिन्न दलों के सांसदों के बीच एक सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बना। अभी सभी को एक महत्वपूर्ण अवसर मिला है। जनता ने आपको देश की सबसे बड़ी पंचायत में भेजा है। आपके क्षेत्र के लोगों की आपसे बहुत उम्मीदें हैं, जिन पर आपको खरा उतरना है। कांग्रेस पार्टी को जनता ने जो दायित्व दिया है, वो आपको- हमको मिल कर निभाना है। (Congress Parliamentary Party)
हमें बोलने से रोका गया: खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 10 सालों में संसद में विपक्ष के अधिकारों को लगातार सीमित किया गया। सवाल पूछना हो, चर्चा के लिए समय मांगना हो, विधेयकों को समितियों में भेजना हो, सरकार का ध्यान ज्वलंत मुद्दों पर खींचना हो, बीजेपी ने हर कदम पर अवरोध पैदा किया। अपने प्रचंड बहुमत से विपक्ष को रोका। हमारे संख्या बल का मजाक भी उड़ाया। मोदी जी नहीं चाहते कि विपक्ष जनता के मुद्दों को सदन में उठाए। वो विपक्ष के सवालों का जवाब देना अपनी तौहीन समझते हैं। मोदी जी कल जब संविधान को माथे से लगा रहे थे तो वो भूल गए कि पिछले 10 सालों में उन्होंने किस कदर संवैधानिक परंपराओं की धज्जियां उड़ाई। संसद और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। अपमान किया है। (Congress Parliamentary Party)
कई अहम बिल बिना चर्चा के पास हो गए: खड़गे
उन्होंने कहा कि पिछली बार शीतकालीन सत्र में विपक्षी पार्टियों के 146 सांसदों को इसलिए SUSPEND किया कि वो संसद की सुरक्षा पर चर्चा की मांग कर रहे थे। मोदी सरकार में बिना बहस के दर्जनों महत्वपूर्ण बिल पास हो गए। तीन काले कृषि कानून, श्रम संहिता, आपराधिक कानून जैसे तमाम बिल शोर-गुल में पास हो गए। हम तब भी अनुशासन के साथ लड़े थे। विपक्ष में हमारी क्या जिम्मेदारियां हैं, ये हमें पता है। फिर से आप-हम मिल कर नयी ताकत से जनता की आवाज बुलंद करेंगे। संसद में हम अवरोध के लिए नहीं बल्कि चर्चा और संवाद के लिए आते हैं। हम सकारात्मक हस्तक्षेप चाहते हैं, लेकिन मोदी जी सत्ता में रह कर भी गतिरोध पैदा कराते हैं। (Congress Parliamentary Party)
सभी को सतर्क रहना होगा: खड़गे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि सरकार की ये साजिश 10 साल से चल रही है। वो खुद गतिरोध पैदा करते हैं और जनता की नजर में हमें गुनहगार बनाने की कोशिश करते हैं। इसलिए हमें उनकी इन चालों से सतर्क रहना है। सरकार चाहेगी कि संसद कम से कम चले। पिछली 17वीं लोकसभा बैठकों के लिहाज से 1952 से अब तक की सबसे छोटी सभा थी। वहीं 5 साल में सिर्फ 274 बैठकें हुईं। कई लोग आज कल नेहरू जी की बात भी कर रहे हैं, लेकिन मैं याद दिलाना चाहता हूं कि नेहरू जी के दौर में पहली लोकसभा में 677 बैठकें हुई थीं। लंबी चर्चाएं हुई थीं। सोनिया गांधी यूपीए की चेयरपर्सन थीं। यूपीए-1 में लोकसभा की 332 और यूपीए-2 में 356 बैठकें हुई थी। (Congress Parliamentary Party)
जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है: खड़गे
खड़गे ने कहा कि सभी साथियों को लगातार जनता से जुड़े रहना है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना है कि जनता भी आपसे लगातार जुड़ी रहे। उनकी मुश्किलों और दिक्कतों पर आप लगातार गौर करें। सुनवाई करते रहे। संसद में अपने क्षेत्र से संबंधित मुद्दों को उठाते रहें, जो काम आप करते हैं वह क्षेत्र की जनता तक निरंतर पहुंचता रहे, जिन मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी ने चुनाव लड़ा, आपको हमेशा इनको सबसे ज्यादा प्राथमिकता में रखना है। विरोधियों को बार-बार बताते रहना है कि राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक न्याय हमारे स्थायी एजेंडे है। मुझे पूरा विश्वास है कि सांसद के रूप में आप जनता के मुद्दों को उठाएंगे और सरकार की जवाबदेही भी तय करेंगे। (Congress Parliamentary Party)



