Google Analytics —— Meta Pixel

इस गुरुवार जनता की समस्या नहीं सुन पाएंगे CM साय, 11 जुलाई को होने वाला जनदर्शन स्थगित

CM Jandarshan Postponed: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस गुरुवार को जनता की समस्या नहीं सुन पाएंगे। दरअसल, हर हफ्ते गुरुवार को होने वाला जनदर्शन इस गुरुवार यानी 11 जुलाई को किसी कारणवश स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले 4 जुलाई को जनदर्शन का आयोजन किया गया था, जहां हजारों की संख्या में लोगों ने CM हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री साय को अपनी समस्या बताई थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रमवीरों के मेधावी बच्चों को दो-दो लाख रूपए के चेक भी प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने निवास परिसर में अपनी मां के नाम दहीमन के पौधे का रोपण भी किया।

यह भी पढ़ें:- साय कैबिनेट की बैठक कल, कई अहम प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

मुख्यमंत्री निवास में स्वास्थ्य परीक्षण भी लगाया गया था, जिसका नागरिकों ने लाभ उठाया। जनदर्शन में 12 से ज्यादा ऐसे भी लोग शामिल हुए थे, जो पिछले बार के जनदर्शन में भी आए थे, तब उनके आवेदनों का निराकरण मुख्यमंत्री के निर्देश पर तत्काल कर दिया गया था। इन लोगों ने त्वरित कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। इनमें दिव्यांग भी शामिल थे, जिन्हें साय के निर्देश पर ट्रायसाइकिल और अन्य उपकरण तत्काल उपलब्ध कराए गए थे। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। खून जांच, बीपी की जांच, शुगर और अन्य आम बीमारियों की जांच की सुविधा शिविर में उपलब्ध कराई गई थी। (CM Jandarshan Postponed)

वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से दिव्यांग को बैटरी चलित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराया गया है। मुख्यमंत्री साय की पत्नी कौशल्या साय ने अपने निजी निवास बगिया स्थित सीएम कैंप कार्यालय में वनगांव निवासी बृजकुमार को बैटरी से चलने वाली ट्राई साइकिल प्रदान की। बैटरी चलित ट्राई साइकिल पाकर दिव्यांग बृजकुमार ने मुख्यमंत्री साय और उनकी पत्नी कौशल्या साय का आभार जताया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के बगिया में राज्य स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दो दिवसीय दौरे पर बगिया पहुंचे थे। (CM Jandarshan Postponed)

CM साय की पत्नी ने सौंपी चाबी

इस बीच सीएम कैंप कार्यालय में जनदर्शन के दौरान दिव्यांग बृजकुमार चांद ने मुख्यमंत्री को आवेदन देकर ट्राय साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की थी। उनकी मांग पर संवेदनशील मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद इन्हें बैटरी चलित ट्राई साइकिल उपलब्ध कराया गया। मुख्यमंत्री साय की पत्नी कौशल्या साय ने दिव्यांग को बैटरी चलित ट्राई साइकिल भेंट कर चाबी सौंपी। दिव्यांग ने बैटरी चलित ट्राई साइकिल मिलने पर ताली बजाकर खुशी जाहिर की। (CM Jandarshan Postponed)

Back to top button
error: Content is protected !!