कल से छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेगी केंद्रीय वित्त आयोग की टीम, राज्य की वित्तीय आवश्यकताओं और आर्थिक प्रगति को लेकर करेंगे चर्चा

Central Finance Commission: केंद्रीय वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय दल राजधानी रायपुर पहुंच रहा है। ये दल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रिमंडल के सदस्यों और अधिकारियों के साथ, राज्य की वित्तीय आवश्यकताओं, अधोसंरचना विकास और आर्थिक प्रगति समेत विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेगा। वित्त आयोग 12 और 13 जुलाई को जगदलपुर दौरे पर भी रहेगा। केंद्रीय वित्त आयोग के अध्यक्ष पनगढ़िया के साथ आयोग के सदस्य अजय नारायण झा, एनी जॉर्ज मैथ्यू, मनोज कुमार पांडा, डॉ. सौम्य कांति घोष, आयोग के सचिव ऋत्विक रंजनम पांडेय, संयुक्त सचिव कमल कुमार मिश्रा, संयुक्त संचालक राघवेन्द्र सिंह और दूसरे अधिकारी भी रायपुर पहुंचेंगे।
केंद्रीय वित्त आयोग के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर वित्त सचिव मुकेश बंसल ने होटल मेफेयर में तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में संचालक कोष लेखा और पेंशन, नोडल अधिकारी 16वें केंद्रीय वित्त आयोग महादेव कावरे, एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौरभ कुमार, रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, रायपुर नगर निगम के आयुक्त अविनाश मिश्रा, संचालक जनसंपर्क अजय अग्रवाल समेत नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और CSIDC के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। (Central Finance Commission)




