केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों के साथ की बैठक, पढ़ें पूरी खबर

Home Minister Shah Meeting: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के विभिन्न प्रमुखों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें देश में सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए जिम्मेदार IB (Intelligence Bureau) के मल्टी एजेंसी सेंटर (MAC) के कामकाज की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने देशभर की खुफिया और प्रवर्तन एजेंसियों समेत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों को राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति ‘संपूर्ण सरकार’ दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश दिया। शाह ने देश में उभरते सुरक्षा खतरे के परिदृश्य से निपटने के लिए आतंकी नेटवर्क और उनके सहायक इको-सिस्टम को खत्म करने के लिए सभी एजेंसियों के बीच ज्यादा तालमेल पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें:- कांग्रेस पार्टी संविधान के रक्षक नहीं, भक्षक हैं: BJP अध्यक्ष JP नड्डा
देश की समग्र आंतरिक सुरक्षा स्थिति और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की समीक्षा करते हुए गृहमंत्री शाह ने सभी प्रतिभागियों से मल्टी एजेंसी सेंटर में अपनी भागीदारी बढ़ाने और इसे एक सामंजस्यपूर्ण मंच बनाने के लिए कहा, जो निर्णायक और त्वरित कार्रवाई के लिए सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों, ड्रग्स-रोधी एजेंसियों, साइबर सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों को एक साथ लाता है।गृहमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि MAC ने अपने घटकों (constituents) का विश्वास अर्जित किया है और इसे अंतिम रिस्पॉडर्स समेत विभिन्न हितधारकों के बीच सक्रिय और वास्तविक समय पर कार्रवाई योग्य जानकारी साझा करने के लिए एक मंच के रूप में 24X7 काम करना जारी रखना चाहिए। (Home Minister Shah Meeting)

उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा में शामिल सभी एजेंसियों से युवा, तकनीकी रूप से कुशल जोशीले अधिकारियों की एक टीम गठित करने पर जोर दिया, ताकि Big Data और AI/ML संचालित एनालिटिक्स और तकनीकी प्रगति का उपयोग करके आतंकी इकोसिस्टम को खत्म किया जा सके। उन्होंने दोहराया कि नई और उभरती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर हमें अपने रिस्पॉन्स में हमेशा एक कदम आगे रहना होगा। केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में MAC फ्रेमवर्क अपनी पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए बड़े तकनीकी और ऑपरेशनल सुधारों को लागू करने को तैयार है। उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर्स से त्वरित प्रतिक्रियाओं और साझा की गई जानकारियों के आक्रामक फॉलोअप के माध्यम से इन प्रयासों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। (Home Minister Shah Meeting)




