कोचिंग इंस्टीट्यूट में 3 छात्रों की मौत पर राजनीति, AAP सांसद ने LG पर लगाया आरोप

Old Rajinder Basement Incident: दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर में स्थित एक IAS कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भरने से 3 छात्रों की मौत हो गई, जिसे लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने कथित अतिक्रमण के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई की है। वहीं दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने AAP कार्यालय के पास सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जबकि बेसमेंट हादसे को लेकर छात्र भी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करके बेसमेंट का उपयोग किए जाने के खिलाफ कार्रवाई के मद्देनजर बेसमेंट लाइब्रेरी के मालिकों ने छात्रों से उनकी मौजूदा इमारतों में बनी बेसमेंट लाइब्रेरी को खाली करने को कहा है।
यह भी पढ़ें:- सरगुजा संभाग को मिली 15 स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स की सौगात, अब इलाज के लिए नहीं होना पड़ेगा परेशान
ओल्ड राजिंदर नगर की घटना पर DCP सेंट्रल एम हर्ष वर्धन ने कहा कि हमने इस मामले में 5 और लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आगे की जांच जारी है और मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम प्रदर्शन कर रहे छात्रों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। मैं उनसे अपील करना चाहता हूं कि वो शांति बनाएं रखें। वहीं AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। कई कोचिंग सेंटर अवैध रूप से अपने बेसमेंट में लाइब्रेरी और कक्षाएं चला रहे हैं। इसमें शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई करना दिल्ली के LG की जिम्मेदारी है। (Old Rajinder Basement Incident)
युवाओं के भविष्य के लिए बेहद दुखद: थरूर
इधर, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और जेबी माथेर शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों से मिलने दिल्ली के RML अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने उनका हालचाल जाना। साथ ही कहा कि यह शर्मनाक है, जिसमें कोई शक नहीं है। उन युवाओं के सपने बर्बाद हो गए हैं, उनके परिवारों की आशाएं भी खत्म हो गई हैं। यह देश के लिए, देश के भविष्य के लिए और युवाओं के भविष्य के लिए बेहद दुखद है। मुआवजा दिया जाना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह सुनिश्चित करना है कि ऐसा दोबारा ना हो। शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि बजट से जुड़े बहुत सारे मुद्दे हैं – जिस तरह से कर लगाने का निर्णय लिया गया है कि इससे आम लोगों पर और अधिक कर का बोझ पड़ रहा है, किसी तरीके से महंगाई से उन्हें कोई राहत नहीं मिल रही है। (Old Rajinder Basement Incident)
यह मौत नहीं बल्कि हत्या है: प्रियंका चतुर्वेदी
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया गया है और जिस तरह से बुनियादी ढांचे को ध्वस्त किया जा रहा है – जैसा ओल्ड राजिंदर नगर में बेसमेंट में पानी भरने से 3 छात्र की जान चली गई। मैं कहूंगी कि यह मौत नहीं बल्कि हत्या है और यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। ये सभी बजट के मुद्दे होंगे। ये सभी मुद्दे हम उठाएंगे। कोचिंग संस्थान को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, लेकिन इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एमसीडी के लोगों के बारे में क्या? इन सब पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस मुद्दे पर भाजपा जो गंदी राजनीति कर रही है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। (Old Rajinder Basement Incident)
कार्रवाई होनी चाहिए: प्रियंका चतुर्वेदी
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि हर स्तर पर जवाबदेही होनी चाहिए। उपराज्यपाल से लेकर जो कर्मचारी हैं जो इस घटना के जिम्मेदार उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। पता करना चाहिए कौन जिम्मेदार हैं? शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि बहुत ही दर्दनाक हादसा दिल्ली में हुआ है। अब ये सरकार AAP की है या बीजेपी द्वार नियुक्त किए गए उपराज्यपाल की है आपस में ये झगड़ा नहीं होना चाहिए बल्कि ये घटना क्यों हुई और कैसे इस घटना को आगे होने से रोके? घटना से बच्चों पर क्या प्रभाव पड़ा है? इन सब पर सोचना चाहिए। (Old Rajinder Basement Incident)
बेसमेंट में बने 8 कोचिंग सेंटरों की पहचान
संजय राउत ने कहा कि बच्चों से सरकार का कोई प्रतिनिधि बात करें तो हम उनका स्वागत करेंगे, लेकिन अभी तक बच्चों से कोई बात तक करने नहीं गया। PM मोदी को दुनिया की फिकर है लेकिन मणिपुर और दिल्ली में जो बच्चे प्रदर्शन कर रहे हैं उनसे मिलने नहीं जाएंगे। इधर, प्रदर्शन कर रहे छात्रों से MCD के अतिरिक्त आयुक्त तारिक थॉमस ने मुलाकात की। साथ ही कहा कि हमने बेसमेंट में बने 8 कोचिंग सेंटरों की पहचान की है और उनमें से 3 को सील कर दिया गया है। सरकार की ओर से मुआवजा दिया जाएगा। घटना में कार्रवाई की जाएगी। सर्वे किया जा रहा है। (Old Rajinder Basement Incident)



