Google Analytics —— Meta Pixel

उपराष्ट्रपति ने कहा- फलता-फूलता उद्योग बन गया कोचिंग, शिक्षा मंत्री बोले- तय होगी जवाबदेही 

Dhankhar on Basement Accident: दिल्ली के ओल्ड राजिंदर नगर में स्थित एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में 27 जुलाई को पानी भरने से हुई UPSC के 3 छात्रों की मौत मामले को लेकर राज्यसभा में चर्चा हुई। इस दौरान उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि कोचिंग एक फलता-फूलता उद्योग बन गया है, जिसमें हाई रिटर्न मिलता है। विज्ञापनों की जांच की जानी चाहिए। विज्ञापन पर खर्च किया गया हर पैसा छात्र से आ रहा है। हर नई इमारत छात्रों के पैसे से आ रही है। इसलिए वास्तव में एक ऐसे दृष्टिकोण की आवश्यकता है, जो इस समस्या से निपटने में काफी मददगार हो सके। इस पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि लापरवाही हुई है। जब जवाबदेही तय होगी, तभी समाधान निकलेगा। यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि ऐसी घटना दोबारा न हो।

यह भी पढ़ें:- नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर हमलावर हुई BJP, कहा- गैरजिम्मेदाराना बात करना ठीक नहीं

इधर, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ओल्ड राजिंदर नगर पहुंचे और कोचिंग इंस्टीट्यूट के बेसमेंट में पानी भर जाने से छात्रों की मौत को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जब से ये घटना घटी है तब से मैं निगरानी कर रहा हूं, जिन्होंने भी ये गलती कि है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। ये घटना बहुत दुखद है जो नहीं होनी चाहिए थी। मैं आपसे वादा करता हूं कि आपको हर सुविधा देने की तैयारी करूंगा, बस आप मुझे थोड़ा समय दें। किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा। यहां पर रहने वाले लोगों को कैसे दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए जो सुरक्षित जगह हो, उसका भी इंतजाम मैं करूंगा। मैं आपके साथ हूं आप जब मुझे बुलाएंगे मैं आऊंगा, जिन्होंने अपनी जान गंवाई है उन्हें मुआवजा ज्यादा कैसे दिया जा सके, उस पर हम काम कर रहे हैं। (Dhankhar on Basement Accident)

उपराज्यपाल सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन

इधर ओल्ड राजिंदर नगर घटना पर एमसीडी कमिश्नर और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपराज्यपाल सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसे लेकर भाजपा नेता योगिता सिंह ने कहा कि जिस मां-पिता ने दिल्ली में अपने बच्चों को पढ़ने के लिए भेजा उनका क्या दोष था? उनका ये दोष था कि दिल्ली की सरकार अरविंद केजरीवाल चला रहे हैं? दिल्ली का नगर निगम चला रहे हैं? अगर आपके अधिकारी नहीं सुनते तो आप इस्तीफा दे दीजिए। दिल्ली के भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि यह बहुत ही हृदय विदारक घटना है लेकिन उससे भी अधिक हृदय विदारक आम आदमी पार्टी के नेताओं का, आम आदमी पार्टी सरकार का व्यवहार है। (Dhankhar on Basement Accident)

तुरंत दे देना चाहिए इस्तीफा: सांसद मनोज तिवारी 

सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि वे कह रहे हैं कि उनके कहने पर अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। उन्हें ये बात तब कहनी चाहिए जब अधिकारी नहीं माने, लेकिन आपने उस दिन तो एक ट्वीट भी नहीं किया, उपराज्यपाल को कोई पत्र भी नहीं लिखा, न ही कोई प्रेस वार्ता की। जब दुर्घटना हो गई तो आरोप प्रत्यारोप खेल रहे हैं। मैं AAP को कहना चाहता हूं कि अगर आपके कहने से अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं तो आपको तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। इसका मतलब ये है कि आप विश्वास खो चुके हैं। AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के बयान पर दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की सरकार भ्रष्ट तंत्र को पाल रही है और खुद भ्रष्टाचार में लिप्त है। संजय सिंह से मेरा सवाल है कि दिल्ली में जो उनके मुख्यमंत्री जेल में हैं वो इस्तीफा क्यों नहीं देते? और उनके बाकि मंत्री काम क्यों नहीं करते? (Dhankhar on Basement Accident)

पूरी सरकार केजरीवाल के शुगर लेवल पर केंद्रित: सचदेवा 

उन्होंने कहा कि पूरी सरकार अरविंद केजरीवाल के शुगर लेवल पर केंद्रित रहती है। अगर दिल्ली सरकार ने ईमानदारी के साथ काम किया होता तो राजेंद्र नगर में ये हादसा नहीं हुआ होता। भाजपा नेता आर.पी. सिंह ने भी AAP सांसद संजय सिंह के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल तो विधानसभा में गाना गाते थे कि वे दिल्ली के मालिक हैं। आज वो दिल्ली के मालिक कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? आरोप लगाने और दूसरों पर उंगली उठाने के अलावा उनके पास कोई और काम नहीं है। मैं संजय सिंह को चुनौती देता हूं कि वो बताएं कि उन्होंने दिल्ली की कितनी सड़कों पर गाद निकालवाने का काम किया? और अगर काम हुआ है तो जलभराव क्यों हुआ? (Dhankhar on Basement Accident)

Back to top button
error: Content is protected !!