छत्तीसगढ़ तेजी से उभरता प्रदेश, विकास को नई ऊंचाइयां देंगे: राज्यपाल रमेन डेका

Governor Ramen Deka: छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल रमेन डेका और उनकी पत्नी रानी डेका काकोटी का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्टेट हेंगर में स्वागत किया। इस दौरान राज्यपाल डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकास के परिदृश्य में तेजी से उभर रहा है। यहां विकास को नए स्तरों पर पहुंचाने हम काम करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त करने के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद व्यक्त करते हैं। राज्यपाल ने कहा कि केंद्र और राज्य के बीच फैसिलिटेटर की भूमिका निभाएंगे, ताकि प्रदेश का विकास तेजी से हो।
यह भी पढ़ें:- लगातार चौथे गुरुवार को जनता की परेशानी नहीं सुन पाएंगे मुख्यमंत्री, 1 अगस्त को होने वाला जनदर्शन स्थगित
उन्होंने कहा कि वे असम और छत्तीसगढ़ के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए भी काम करेंगे। राज्यपाल डेका ने कहा कि उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदेश के विकास को लेकर है। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी पुष्पगुच्छ भेंटकर राज्यपाल का अभिवादन किया। साथ ही मंत्रिमंडल के सदस्य डिप्टी CM अरुण साव, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, खेल मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी राज्यपाल का अभिवादन किया। (Governor Ramen Deka)

स्टेट हेंगर में राज्यपाल को गार्ड ऑफ आनर दिया गया। राज्यपाल का स्वागत छत्तीसगढ़ के पारंपरिक नृत्यों सुआ, कर्मा, डंडा और राउत नाचा से किया गया। इस मौके पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन और पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रमेन डेका से राजभवन में भी मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने राज्यपाल डेका से प्रदेश के हित से जुड़े विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। डिप्टी CM अरुण साव ने भी पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानन्द भी उपस्थित थे। (Governor Ramen Deka)




