सांसद अनुराग ठाकुर के बचाव में खुलकर आई BJP, PM मोदी ने ट्वीट कर INDIA गठबंधन पर कसा तंज
BJP Support to Anurag: लोकसभा में बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर की टिप्पणी पर सदन से लेकर सड़क तक हंगामा मचा हुआ है। इस बीच BJP सांसद अनुराग ठाकुर के बचाव में खुलकर सामने आई है। PM नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि मेरे युवा और ऊर्जावान सहयोगी अनुराग ठाकुर को अवश्य सुनना चाहिए, जिसमें तथ्यों और हास्य का एक आदर्श मिश्रण दिखेगा। साथ ही ये INDIA गठबंधन की गंदी राजनीति को उजागर करता है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो हरकत की है मैं उसकी निंदा करता हूं। कांग्रेस दिन-रात जाति-जाति करती रहती है।
यह भी पढ़ें:- संसद तुम्हारे घर का ड्राइंग रूम नहीं है राहुल बाबा: BJP सांसद संबित पात्रा
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जाति पूछ-पूछकर देश को बांटने की साजिश की है और जब सदन में जाति की बात हुई तो राहुल गांधी हंगामा कर रहे हैं। इन लोगों ने देश को कमजोर करने के लिए एक साजिश रची हुई है। देश में हिंसा फैलाना चाहते हैं। राहुल गांधी को किसने हक दिया कि वह सबसे जाति के बारे में पूछे और उनसे कोई उनकी जाति के बारे में नहीं पूछ सकता। ये गंभीर मामला है। हम देश को टूटने नहीं देंगे, हम देश को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। (BJP Support to Anurag)
मुद्दे से भटकाने के लिए कोई बहाना चाहिए: जोशी
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने जाति नहीं पूछी, जो लोग जाति नहीं जानते हैं वे जाति जनगणना की बात कर रहे हैं। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया तो इसे राहुल गांधी अपने ऊपर क्यों ले रहे हैं? अनुराग ठाकुर ने सदन में इसे स्पष्ट किया। इनको मुद्दे से भटकाने के लिए कोई बहाना चाहिए। पंडित नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी तक, राजीव गांधी तक – सभी ने ओबीसी के लिए आरक्षण का विरोध किया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने पूछ के क्या गुनाह कर दिया? सही तो पूछा। (BJP Support to Anurag)
जाति पूछे तो मुझे कोई दिक्कत नहीं: गिरिराज
केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने कहा कि अगर कोई मुझसे जाति पूछे तो मुझे कोई दिक्कत नहीं। मैं पूछता हूं कि राहुल गांधी, आपकी जाति क्या है, लेकिन वह अपनी जाति नहीं बताएंगे। इनका उद्देश्य सनातन को तोड़ना है। मां और बेटे यानी सोनिया गांधी और राहुल गांधी मिलकर भारत के सनातन को खंडित करना चाहते हैं। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस की 99 की संख्या और अहंकार का खेल। जब अनुराग ठाकुर ने कल बिना किसी का नाम लिए बोला तो सिर्फ एक व्यक्ति को बुरा क्यों लगा और उनके इशारे पर कांग्रेस के सभी सदस्य खड़े हो गए? जाति पूछने पर ऐसा व्यवहार होगा? बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने कहा कि राहुल गांधी के बारे में कुछ भी कहना अजीब सा है। मुझे समझ नहीं आता कि वह बात को किस तरह से लेते हैं, किस तरह से समझते हैं क्योंकि वह बात को कहीं और ले जाते हैं। (BJP Support to Anurag)
कांग्रेस की वर्किंग कमिटी में कितने ओबीसी हैं?: नड्डा
सांसद गोविल ने कहा कि वह कहना कुछ चाहते हैं लेकिन कहते कुछ और हैं। BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष JP नड्डा ने कहा कि वोटों के खातिर आप इतने लालायित हो गए हैं कि आप ओबीसी के चैंपियन बन रहे हैं। आप बताइए…कांग्रेस की वर्किंग कमिटी में कितने ओबीसी हैं? राजीव गांधी फाउंडेशन के बोर्ड में कितने ओबीसी/एससी/एसटी हैं? UPA की नेशनल एडवाइजरी कमिटी में कितने ओबीसी/एससी/एसटी थे? घड़ियाली आंसू बहाने से काम नहीं चलता है, ओबीसी के साथ जीना पड़ता है, दिखावे से काम नहीं चलता है। PM मोदी की पहली, दूसरी और तीसरी कैबिनेट में सबसे ज्यादा ओबीसी/एससी/एसटी मंत्री रहे हैं। (BJP Support to Anurag)



