Google Analytics —— Meta Pixel

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फसलों की 109 किस्में की जारी, किसानों और वैज्ञानिकों से की बात

PM Modi on Crops: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में फसलों की 109 उच्च उपज देने वाली, जलवायु अनुकूल और जैव-सशक्त किस्मों को जारी किया। इस दौरान उन्होंने किसानों और वैज्ञानिकों से बातचीत भी की। इन नई फसल किस्मों के महत्व पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री ने कृषि में मूल्य संवर्धन के महत्व पर बल दिया। किसानों ने कहा कि ये नई किस्में अत्यधिक लाभकारी होंगी, क्योंकि इनसे उनका व्यय कम होगा और पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने मोटे अनाजों के महत्व पर चर्चा की।

यह भी पढ़ें:- हिंडनबर्ग रिपोर्ट को लेकर सियासत जारी, सांसद त्रिवेदी ने कहा- भारत में आर्थिक अराजकता पैदा करने की कोशिश

उन्होंने प्राकृतिक खेती के लाभों और जैविक खेती के प्रति आम लोगों के बढ़ते विश्वास के बारे में भी बात की। PM मोदी ने कहा कि लोगों ने जैविक खाद्य पदार्थों का सेवन और मांग करना शुरू कर दिया है। किसानों ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। किसानों ने जागरूकता पैदा करने में कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) द्वारा निभाई गई भूमिका की भी सराहना की। प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि केवीके को हर महीने विकसित की जा रही नई किस्मों के लाभों के बारे में किसानों को सक्रिय रूप से सूचित करना चाहिए ताकि उनके लाभों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके। (PM Modi on Crops)

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन नई फसल किस्मों के विकास के लिए वैज्ञानिकों की भी सराहना की। वैज्ञानिकों ने बताया कि वे प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सुझाव के अनुरूप काम कर रहे हैं, ताकि अप्रयुक्त फसलों को मुख्यधारा में लाया जा सके। प्रधानमंत्री द्वारा जारी की गई 61 फसलों की 109 किस्मों में 34 प्रक्षेत्र फसलें और 27 बागवानी फसलें शामिल हैं। प्रक्षेत्र फसलों में मोटे अनाज, चारा फसलें, तिलहन, दलहन, गन्ना, कपास, रेशा और अन्य संभावित फसलों सहित विभिन्न अनाजों के बीज जारी किए गए। बागवानी फसलों में फलों, सब्जियों, रोपण फसलों, कंद फसलों, मसालों, फूलों और औषधीय फसलों की विभिन्न किस्में जारी की गईं। (PM Modi on Crops)

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 65 फसलों की 109 प्रजातियों के बीज तैयार किए गए हैं। मैं इन किस्मों के बीजों के उत्पादन के लिए वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं। 109 किस्म के बीज किसानों का जीवन भी बदलेंगे, मुनाफा भी बढ़ाएंगे, जनता के पोषण के लिए उपयोगी होंगे और निर्यात को बढ़ाएंगे। PM मोदी ने कहा कि लैब से लेकर जमीन तक सीधे जानकारी जानी चाहिए। तीन अलग-अलग जगहों पर PM मोदी ने 109 किस्म के बीज राष्ट्र को समर्पित किए। प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों और वैज्ञानिकों से बातचीत की। उन्होंने वैज्ञानिकों को कुछ सुझाव भी दिए। किसानों की आय बढ़ाना सरकार का संकल्प है। ये एक सतत प्रक्रिया है, जो बीज जारी किए गए हैं तो प्रजनक से लेकर फाउंडेशन बीज तक एक साल का समय लगेगा। (PM Modi on Crops)

केंद्रीय मंत्री ने की धान की रोपाई

इधर, केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कर्नाटक के मांड्या स्थित अरालकुप्पे गांव में धान की रोपाई की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह मेरे परिवार के सदस्यों का कार्यक्रम है। किसान मेरा परिवार हैं और इस साल की खेती में उनके साथ जुड़ना मेरे लिए सबसे खुशी का पल है। मैं हमारी कृषि समिति में खुशी-खुशी शामिल हो रहा हूं। हमने अपने किसानों के साथ मिलकर धान रोपा है। मेरे उनके साथ जुड़ने से किसान बहुत खुश हैं। पिछले साल बारिश की वजह से हमारे किसान समुदाय को बहुत नुकसान उठाना पड़ा था। इस साल किसान खेत में काम करके खुश हैं, क्योंकि हमने इस साल बहुत अच्छी बारिश देखी है। (PM Modi on Crops)

Back to top button
error: Content is protected !!