Google Analytics —— Meta Pixel

कांग्रेस ने SEBI चीफ माधबी बुच और मोदी सरकार से किए कई सवाल, पढ़ें पूरी खबर

Congress on Hindenburg Report: कांग्रेस सोशल मीडिया-डिजिटल प्लेटफॉर्म की अध्यक्ष और कांग्रेस कार्य समिति की सदस्य सुप्रिया श्रीनेत ने AICC मुख्यालय में हिंडनबर्ग रिपोर्ट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक गांव में डाका पड़ा। डाकुओं ने अंधाधुंध लूटपाट की, खूब माल इधर-उधर किया। लोगों को शक था कि गांव के मुखिया की लुटेरों के साथ मिली-भगत है। ऐसे में लोग कोतवाल के पास गए और कहा कि जांच कीजिए, लेकिन वो आनाकानी करने लगा। फिर बाद में पता चला कि लूट का कुछ माल कोतवाल के घर भी जाता था। एक मुहावरा कहा जाता है – ‘जब सैंया भए कोतवाल तो डर काहे का’। ऐसी ही कहानी अडानी महाघोटाले की भी है।

यह भी पढ़ें:- धान की उन्नत किस्मों से छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा उत्पादन, किसानों को होगा लाभ: CM साय

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि अडानी महाघोटाला सामने आया, ऑफशोर फंडिंग, स्टॉक मैन्युपुलेशन के आरोप लगे। हिंडनबर्ग ने आरोप लगाया कि कैसे ऑफशोर फंडिंग से स्टॉक मैन्युपुलेशन होता था और राउंड ट्रिपिंग की जाती थी। इन मामलों की जांच SEBI को सौंपी गई, क्योंकि मार्केट को रेगुलेट करने का काम SEBI करता है, लेकिन अब हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट से पता चला है कि SEBI चीफ माधबी बुच और उनके पति धवल बुच उन्हीं बरमूडा/मॉरीशस फंड में निवेश कर रहे थे, जिनके साथ गौतम अडानी के भाई विनोद अडानी का संबंध था। हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट में बताया गया है कि माधबी बुच का अडानी ग्रुप से जुड़े ऑफशोर फंड में निवेश था। माधबी बुच ने SEBI चीफ बनने पर अपनी शेयर होल्डिंग अपने पति धवल बुच को ट्रांसफर कर दी। (Congress on Hindenburg Report)

अगोरा और ब्लैकस्टोन को लेकर सवाल

रिपोर्ट के मुताबिक माधबी बुच और धवल बुच ने 5 जून 2015 को सिंगापुर में IPE प्लस फंड 1 के साथ खाता खोला था। ये IPE प्लस फंड 1, अडानी समूह के एक डायरेक्टर ने IIFL के माध्यम से खोला था। IIFL की ओर से एक घोषणा में उनके निवेश स्रोत को सैलरी बताया गया है और उनकी कुल संपत्ति 10 मिलियन डॉलर आंकी गई। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट में SEBI चेयरपर्सन माधबी बुच के अलावा अगोरा और ब्लैकस्टोन का जिक्र है। ये दोनों अहम किरदार है। रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2017 से मार्च 2022 तक, जब माधबी बुच SEBI में होलटाइम मेंबर और चेयरपर्सन थीं, तब उनके पास एक ऑफशोर सिंगापुरी कंसल्टिंग फर्म में 100% हिस्सेदारी थी, जिसे अगोरा पार्टनर्स कहा जाता था। (Congress on Hindenburg Report)

बुच ने ‘फेवरेट इनवेस्टमेंट इंस्ट्रूमेंट’ बताया: कांग्रेस

कांग्रेस नेता ने कहा कि मार्च 2022 में SEBI चेयरपर्सन बनने पर उन्होंने अपने शेयर पति धवल बुच को ट्रांसफर कर दिए थे। अगोरा पार्टनर्स कंपनी साल 2013 को सिंगापुर में रजिस्टर्ड हुई थी। SEBI चेयरपर्सन माधबी बुच के पास वर्तमान में अगोरा एडवाइजरी नाम की कंपनी में 99% हिस्सेदारी है। माधबी के पति धवल बुच ही इसके डायरेक्टर हैं। साल 2022 में अगोरा ने 2,61,000 डॉलर का रेवेन्यू कमाया था, जो SEBI चीफ माधबी बुच की सैलरी का करीब साढ़े 4 गुना है। अब कहानी अहम किरदार ब्लैकस्टोन की। आज कल SEBI रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (REITs) की खूब पैरवी करता है। माधबी बुच ने सार्वजनिक तौर पर REITs को अपना ‘फेवरेट इनवेस्टमेंट इंस्ट्रूमेंट’ बताया है। (Congress on Hindenburg Report)

REITs में सबसे बड़ा प्लेयर: कांग्रेस

उन्होंने कहा कि हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में SEBI चीफ पर ब्लैकस्टोन जैसी कंपनियों को रेगुलेटरी बूस्ट देने के आरोप लगाए हैं। हिंडनबर्ग का कहना है कि माधबी के SEBI चीफ रहते हुए उनके पति धवल बुच ब्लैकस्टोन के सीनियर एडवाइजर बन गए। ब्लैकस्टोन भारत में रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (REITs) का एक बड़ा प्लेयर है। हिंडनबर्ग ने आरोप लगाया कि नियम-कानून ऐसे बदले गए, जिससे सारा फायदा REITs को हो रहा था और REITs में सबसे बड़ा प्लेयर ब्लैकस्टोन था, जिसमें SEBI चीफ के पति सीनियर एडवाइजर थे। हिंडनबर्ग का आरोप है कि क्या माधबी बुच जी ने ये सब कहते हुए यह जिक्र किया था कि उनके पति ब्लैकस्टोन से जुड़े हैं, जो REITs में सबसे बड़ा प्लेयर है। (Congress on Hindenburg Report)

मिनिमम लेवल पर पारदर्शिता तार-तार: सुप्रिया श्रीनेत

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि दो दिन पहले जब ये चर्चा हो रही थी कि हिंडनबर्ग की नई रिपोर्ट आने वाली है, तभी ब्लैकस्टोन ने एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने नेक्सस सिलेक्ट ट्रस्ट में 33 करोड़ यूनिट 4,550 करोड़ रुपये में बेच दिए। सवाल है- क्या यहां आपदा से पहले फायदा बनाया जा रहा था? क्या अडानी महाघोटाले की जांच इसलिए नहीं हो रही थी, क्योंकि जिसे जांच करनी थी, वो खुद इस मामले में शामिल थी। सुप्रीम कोर्ट बार-बार निवेश की जानकारी मांगता था, SEBI बार-बार आनाकानी करता था। SEBI ने तो कह दिया था कि हमें कुछ मिल ही नहीं रहा है। ये मिनिमम लेवल पर पारदर्शिता को तार-तार करता है और मैक्सिमम लेवल पर सबसे बड़ी ‘आपराधिक साजिश’ है। (Congress on Hindenburg Report)

धन्ना सेठों पर कानूनों का कोई प्रभाव नहीं: श्रीनेत 

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि इस पूरे खुलासे ने SEBI चीफ, देश की सरकार और प्रधानमंत्री की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परम मित्र को बचाने के लिए बड़ी साजिश रची गई है। यहां दाल में कुछ काला नहीं है, बल्कि पूरी दाल ही काली है। नाम SEBI, अडानी, माधबी बुच और ब्लैकस्टोन का आ रहा है, लेकिन पता नहीं BJP क्यों बचाव में आ गई है? पिछले दस साल में अप्रत्याशित रूप से दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और विपक्ष पर कानून का इस्तेमाल हुआ है, लेकिन देश के धन्ना सेठों पर इन कानूनों का कोई प्रभाव नहीं है। (Congress on Hindenburg Report)

SEBI चीफ माधबी बुच से कांग्रेस के सवाल  

  • क्या आपने 2015 में ग्लोबल डेवलपमेंट अपॉर्चुनिटीज फंड का हिस्सा बनकर IPE Plus Fund 1 में निवेश किया था, जो गौतम अडानी के भाई विनोद अडानी से संबंधित है? 
  • जब आप SEBI की पूर्णकालिक सदस्य थीं तो क्या आपने IPE Plus Fund 1 में अपने निवेश का खुलासा SEBI के सामने किया था? 
  • क्या आप बता पाएंगी कि अडानी ग्रुप के पूर्व निदेशक अनिल आहूजा IPE plus Fund 1 से कैसे जुड़े थे?
  • क्या आप बता पाएंगी कि जब आप SEBI की पूर्णकालिक निदेशक थीं तो आप की कभी सिंगापुर में एगोरा पार्टनर्स या भारत में एगोरा पार्टनर्स में शेयर/ हिस्सेदारी थी या नहीं?
  • क्या आपने SEBI के सामने इस शेयरहोल्डिंग, प्राप्त आय और रेवेन्यू का खुलासा किया?
  • क्या आप बता सकती हैं कि किन संस्थाओं ने एगोरा को बिजनेस दिया?
  • क्या आपने 2022 में एगोरा में अपनी हिस्सेदारी अपने पति को ट्रांसफर की थी? 
  • वो कौन सी संस्थाएं हैं, जो एगोरा सिंगापुर या एगोरा इंडिया को बिजनेस दे रही हैं?
  • क्या आपने SEBI को यह बताया किया कि आपके पति ब्लैकस्टोन से जुड़े हैं, जो REITs में सबसे बड़ा प्लेयर है?  
  • आपने अकेले या SEBI के किसी समूह ने ऐसी कंपनियों के लोगों के साथ बैठकें कीं, जिनका अडानी या ब्लैकस्टोन से लेना-देना है?
  • सुप्रीम कोर्ट को SEBI ने कहा कि हमारे हाथ कुछ नहीं लगा। ऐसे में क्या आपने कोर्ट द्वारा गठित समिति या सुप्रीम कोर्ट को यह बताया था कि जिन फंड्स की जांच आपको सौंपी गई थी, उनमें से कुछ फंड्स में तथाकथित तौर पर आपकी हिस्सेदारी थी? 
  • अगर उन फंड्स में आपकी हिस्सेदारी थी तो आपने खुद को जांच से अलग क्यों नहीं किया, और अगर ऐसा नहीं किया तो क्यों नहीं किया?
  • क्या इतने गंभीर आरोप लगने के बाद भी आप SEBI चीफ के पद पर बनी रह सकती हैं, या आपको तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर देना चाहिए? (Congress on Hindenburg Report)

मोदी सरकार से कांग्रेस के सवाल 

  • क्या PM मोदी के संरक्षण के बगैर अडानी और SEBI प्रमुख की यह कथित मिलीभगत संभव है? 
  • SEBI के इतने बड़े घपलेबाजी के आरोपों से घिरने पर PM मोदी को क्या कहना है? 
  • क्या जो सरकार लगातार अडानी समूह पर लगे आरोपों पर पर्दा डाल रही थी, उसके लिए इस महाघोटाले की निष्पक्ष जांच कराना संभव भी है? 
  • सत्ता के गलियारों में पिछले 10 साल में सरकारी अफ़सर, रेग्युलेटर्स और संभवतः न्यायपालिका में नियुक्तियों में गौतम अडानी के भयंकर वर्चस्व और दखलंदाजी की फुसफुसाहट जोर पकड़ती जा रही है, तो क्या माधबी बुच को SEBI प्रमुख नियुक्त कराने में भी गौतम अडानी का हाथ है? (Congress on Hindenburg Report)
  • आखिर पिछले 10 साल में मोदी सरकार के कार्यकाल में अडानी इतने शक्तिशाली क्यों और कैसे हो गए? 
  • भारत के शेयर बाजार रेगुलेटर SEBI ने अपनी सारी विश्वसनीयता खो दी है, तो अब छोटे निवेशकों की सुरक्षा कौन सुनिश्चित करेगा? 
  • जब बाजार गिरेगा तो निवेशकों की करोड़ों की संपत्ति स्वाहा होने के लिए क्या गौतम अडानी, माधबी बुच और नरेंद्र मोदी जिम्मेदार नहीं होंगे? 
  • हम खुद को विश्वगुरु कहते हैं, लेकिन यह भारत के शेयर बाजार रेगुलेटर पर कलंक है, जो एक झटके में हमारे फाइनेंसियल मार्केट की विश्वसनीयता को खत्म कर देता है। आखिर हम वैश्विक और घरेलू निवेशकों को कैसे विश्वास दिलायेंगे कि हमारे मार्केट में ‘कानून का शासन’ है? 
  • यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा था, पर क्या ‘कनफ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट’ के ये आरोप SEBI और सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के सामने रखे थे या फिर सुप्रीम कोर्ट को भी अंधेरे में रखा गया था? (Congress on Hindenburg Report)

सुप्रीम कोर्ट से संज्ञान लेने की अपील

कांग्रेस नेता श्रीनेत ने कहा कि हम ऐसे गंभीर आरोप लगने के बाद सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेने की अपील करते हैं। हमारी अपील है कि सुप्रीम कोर्ट इस खुलासे और पूरे घोटाले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच करे, क्योंकि यह देश की आर्थिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। इस महाघोटाले की जांच सिर्फ JPC से हो सकती है, जिसका गठन करने से मोदी डरते हैं, लेकिन कब तक डरिएगा और कब अडानी को बचाइएगा, क्योंकि महाघोटाला इतना बड़ा है कि आखिर में आप पकड़े ही जाएंगे? इस मामले में इतने गंभीर आरोपों के बीच माधबी बुच को तत्काल उनके पद से हटाना पड़ेगा, नहीं तो सरकार, मार्केट और मार्केट रेगुलेटर की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो जाएंगे। इसका सबसे ज्यादा कहर छोटे निवेशकों पर बरपेगा, जब इसका नेगेटिव इफेक्ट मार्केट पर पड़ेगा। (Congress on Hindenburg Report)

Back to top button
error: Content is protected !!