रायपुर: SCERT में अनोखा आयोजन, अधिकारी और प्राध्यापक बने छात्र, पढ़ें पूरी खबर

Unique Event in SCERT: राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (SCERT) रायपुर में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब संस्था के उच्च अधिकारी और सहायक प्राध्यापक विज्ञान समेत गणित विषयों के विशेषज्ञ कक्षा दसवीं के छात्र बने। उन्होंने अंतरिक्ष ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ पर विज्ञान कक्षा अटेंड की और जाना कि खगोल विज्ञान क्या है? 23 अगस्त 2023 को चंद्रयान-3 चांद पर कैसे लैंड किया? जब भारत के चंद्रायन 3 को लैंड करते हुए फिर से देखा तो सभी भाव विभोर हो गए। सबके मुंह से एक ही आवाज निकली भारत माता की जय। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ’राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ पर छात्रों के साथ मिलकर खगोल विज्ञान की बारीकियों को समझना था।
यह भी पढ़ें:- रायपुर कलेक्टर की पहल से तक्षशिला लाइब्रेरी में इंटरनेट स्पीड दोगुनी, अब डबल स्पीड से होगी छात्रों की पढ़ाई
कार्यक्रम की शुरुआत में SCERT के डायरेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा के निर्देशन में कक्षा 10 के संस्कृत पाठ्यक्रम पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया, जिसमें डॉ. लुनेश वर्मा ने खगोल विज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इसके बाद भारत सरकार और NCERT द्वारा विकसित पोर्टल ’भारत ऑन द मून’ का प्रदर्शन किया गया, जिसमें चंद्रयान-3 की लैंडिंग का वीडियो दिखाया गया। इस अवसर पर इसरो की गतिविधियों और पोर्टल पर उपलब्ध सामग्री की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित SCERT के अतिरिक्त संचालक जे.पी. रथ ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इसरो की उपलब्धियों के पीछे हमारे गुरुओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने सभी विज्ञान और गणित के शिक्षकों को इस आयोजन के लिए बधाई दी। (Unique Event in SCERT)

साहित्यकार और शिक्षाविद डॉ. चितरंजन कर ने भारतीय ज्ञान परंपरा पर चर्चा की और कहा कि हमारे पास समृद्ध ज्ञान है, जिसके लिए प्रयोगशालाओं की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने विज्ञान और साहित्य के आपसी संबंधों पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक के.के. शुक्ला ने चंद्रयान-3 की लैंडिंग के महत्व पर प्रकाश डाला, जो चंद्रमा के 14 दिनों के उजाले में की गई थी। SCERT में यह आयोजन न सिर्फ वैज्ञानिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण था, बल्कि भारत की वैज्ञानिक उन्नति और खगोल विज्ञान के क्षेत्र में हमारी प्रगति को भी दर्शाता है। इस आयोजन में राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के सहायक संचालक प्रशांत पांडेय, SCERT के संकाय सदस्य और सेवाकालीन शिक्षक प्रशिक्षण के लिए आए गणित और रसायन शास्त्र के 100 से ज्यादा विशेषज्ञ भी उपस्थित थे। (Unique Event in SCERT)




