चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने जशपुर प्रधान जिला और सत्र न्यायालय का किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश

Chief Justice in Jashpur: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने जशपुर के तालुका न्यायालय, व्यवहार न्यायालय बगीचा, प्रधान जिला और सत्र न्यायालय जशपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान वे अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत हुए। चीफ जस्टिस सिन्हा व्यवहार न्यायालय बगीचा के निरीक्षण के बाद प्रधान जिला और सत्र न्यायालय जशपुर का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां पहुंचने पर मुख्य न्यायाधिपति का प्रधान जिला और सत्र न्यायालय जशपुर के न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों समेत अधिवक्ताओं ने स्वागत किया। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने जिला और सत्र न्यायालय जशपुर के कोर्ट के संचालन के लिए बने विभिन्न अनुभाग अभिलेखागार, कंप्यूटर सर्वर रूम, फर्स्ट एड क्लीनिक, मालखाना, बच्चों के लिए बने किलकारी कक्ष, कुटुम्ब न्यायालय, अधिवक्ता कक्ष सहित अन्य कक्षों का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें:- अलग-अलग बस हादसे में 41 यात्रियों की मौत, 70 से ज्यादा लोग घायल
अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों से चर्चा के दौरान कहा कि मैं आज लगभग 400 किलोमीटर की दूरी तय कर बिलासपुर से आप लोगों से मिलने और आप लोगों की समस्याओं से अवगत होने के लिए आया हूं। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में बने न्यायालय में जाकर वे वहां की व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि वहां पर किसी भी प्रकार की कमी हो तो सुधार किया जा सके और न्याय व्यवस्था आम नागरिकों के लिए सुलभ हो सके। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने किलकारी कक्ष के निरीक्षण के दौरान वहां पर मौजूद कक्षा पहली में पढ़ने वाले मयंक यादव से बात की और उसे उपहार प्रदान करते हुए उक्त बालक के साथ फोटो भी लिया। इस अवसर पर प्रधान जिला और सत्र न्यायधीश हिरेन्द्र सिंह टेकाम भी मुख्य न्यायाधिपति के साथ मौजूद रहे। (Chief Justice in Jashpur)

चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने अधिवक्ताओं से चर्चा के दौरान कहा की वे यहां पहली बार आए हैं। जशपुर जिले का नैसर्गिक सौंदर्य सहज ही आकर्षित करने वाला है, जशपुर जिला छत्तीसगढ़ का कश्मीर है। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने कहा कि न्याय की व्यवस्था को सुदूर अंचल तक पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को डिजिटल किया गया है ताकि किसी भी स्थान से अधिवक्ता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी अपने प्रकरण में जिरह कर सकें। अन्य सुविधा के लिए मोबाईल एप भी बनाए गए हैं, जिसके माध्यम से सुदूर अंचल के निवासी और गरीब पक्षकार भी लाभ प्राप्त कर समय और पैसे का बचत कर सके। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने जशपुर जिले के व्यवहार न्यायालय कुनकुरी के न्यायालय और सभी अनुभाग का निरीक्षण भी किया और अधिवक्ताओं से मुलाकात किया। (Chief Justice in Jashpur)
न्यायालयों के रख-रखाव से चीफ जस्टिस संतुष्टि
मुख्य न्यायाधिपति के द्वारा न्यायालयों के रख-रखाव और व्यवस्था पर संतुष्टि व्यक्त किया और भविष्य में अधिक बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को अग्रिम सुधार के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट छत्तीसगढ़ बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल बलराम प्रसाद वर्मा, संयुक्त रजिस्ट्रार सह पीपीएस एम.वी.एल.एन. सुब्रहमन्यम, प्रोटोकॉल ऑफिसर आर.एस. नेगी और पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह और पुलिस के अन्य अधिकारी, कमर्चारी, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष भागवत नारायण सिंह सहित अन्य अधिवक्तागण और प्रधान जिला और सत्र न्यायालय जशपुर, व्यवहार न्यायालय कुनकुरी और व्यवहार न्यायालय बगीचा के न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। (Chief Justice in Jashpur)



