भिलाई में दर्दनाक हादसा: रेल पटरी पर बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे दो दोस्त, दोनों की ट्रेन से कटने से मौत
Tragic Accident in Bhilai : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रेल की पटरियों पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे दो लड़कों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम करीब सात बजे उस दौरान हुई जब 14 साल के दोनों लड़के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रिसाली इलाके में रेलवे की पटरियों पर बैठकर मोबाइल में गेम खेल रहे थे।
यह भी पढ़े :- विष्णु भैया का सजा घर तीजा-पोरा पर, बहनों और माताओं को मायके में मिलेगा महतारी वंदन का उपहार
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान पूरन साहू और वीर सिंह के रूप में हुई है। वह भिलाई के रिसाली सेक्टर के निवासी थे। अधिकारी ने बताया कि दोनों मोबाइल में गेम खेलने में इतने मशगूल थे कि उन्हें दल्ली राजहरा-दुर्ग लोकल ट्रेन का हॉर्न तक नहीं सुनाई दिया। उन्होंने बताया कि वे दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों मोबाइल में खेलते थे गेम
पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिग बच्चे मोबाइल में गेम खेलने के आदी थे। घर में डांट पड़ने के चलते मोबाइल लेकर घर से निकल जाते थे। एकांत जगहों में जाकर गेम खेलते रहते थे। घटनास्थल के पास से दोनों बच्चों की साइकिल भी मिली है। पुलिस हादसे की दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है। (Tragic Accident in Bhilai)
पुुलिस के अनुसार पूरण कुमार साहू और वीर सिंह शारदा विद्यालय रिसाली में 9 वीं कक्षा में एक क्लास में पढ़ाई करते थे। दोनों की पुरानी दोस्ती थी। पूरन साहू घर का बड़ा बेटा था। पूरन के पिता सुनील कुमार साहू टीचर हैं। वहीं वीर सिंह घर का इकलौता बेटा था। वीर के पिता हरदीप सिंह प्राइवेट जॉब करते हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में आ गया है। (Tragic Accident in Bhilai)



