CJI के आवास पर गणेश पूजा में PM के शामिल होने पर विवाद, विपक्ष बोला – स्वतंत्रता पर से सारा भरोसा उठ गया
Meeting between PM Modi and CJI: प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) डी वाई चंद्रचूड़ के आवास पर गणपति पूजा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने को लेकर पैदा हुए विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दलों ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उनकी प्रतिक्रियाओं को ‘लापरवाही भरा’ बताया और कहा कि शीर्ष अदालत पर ‘निराधार आक्षेप’ लगाना एक खतरनाक मिसाल कायम करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को यहां सीजेआई के आवास पर गणपति पूजा में भाग लिया था। इस समारोह से संबंधित एक वीडियो में चंद्रचूड़ और उनकी पत्नी कल्पना दास अपने घर पर मोदी का स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सीजेआई के आवास पर मोदी के पूजा में शामिल होने पर विपक्ष के कई नेताओं और उच्चतम न्यायालय के कुछ वकीलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
शिव सेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने कहा, ‘‘गणपति उत्सव मनाया जा रहा है और लोग एक-दूसरे के घर आते जाते हैं… मुझे इस बात की जानकारी नहीं है कि प्रधानमंत्री किसी के घर गए हैं या नहीं।” उन्होंने कहा कि दिल्ली में कई स्थानों और महाराष्ट्र सदन में भी गणपति उत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘बहरहाल, प्रधानमंत्री ने प्रधान न्यायाधीश के आवास का दौरा किया। उन्होंने एक साथ आरती की। हमें लगता है कि अगर संविधान के संरक्षक राजनीतिक नेताओं से मिलते हैं तो लोगों को संदेह होगा।’
वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत के प्रधान न्यायाधीश ने कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच शक्तियों के पृथक्करण के सिद्धांत से समझौता किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्य न्यायाधीश की स्वतंत्रता पर से सारा भरोसा उठ गया।” उन्होंने कहा, ‘‘एससीबीए (सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन) को कार्यपालिका से सीजेआई की स्वतंत्रता से सार्वजनिक रूप से किए गए समझौते की निंदा करनी चाहिए।’
पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने कहा कि हालांकि वामपंथी उदारवादियों ने प्रधान न्यायाधीश के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के शामिल होने पर रोना शुरू कर दिया है लेकिन ‘यह घुलना-मिलना (लोगों से) नहीं बल्कि शुद्ध रूप से गणपति पूजा’ थी।
पीएम मोदी का किया था स्वागत
बता दें कि सीजेआई और उनके परिवार के साथ पीएम मोदी ने गणेश पूजा की थी. CJI डीवाई चंद्रचूड़ और उनकी पत्नी कल्पना दास ने अपने घर में पीएम मोदी का स्वागत किया था. प्रधानमंत्री ने सीजेआई के आवास पर आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए पारंपरिक महाराष्ट्रीयन पोशाक पहनी थी। (Meeting between PM Modi and CJI)
प्रधानमंत्री ने शेयर की थी तस्वीर
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा था कि सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ के आवास पर गणेश पूजा में शामिल हुआ. भगवान श्री गणेश हम सभी को खुशी, समृद्धि और अद्भुत स्वास्थ्य प्रदान करें. साथ ही उन्होंने सीजेआई के आवास पर पूजा में शामिल होने की एक तस्वीर भी पोस्ट की थी। (Meeting between PM Modi and CJI)



