न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस का खौफ नहीं !, दिव्यांग सटोरिए ने CSP उमेश गुप्ता को दी खुली चुनौती

Crime in Bilaspur: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण पाने में असफल साबित हो रही है। जिले में खाकी का खौफ नहीं बचा है। शायद इसीलिए आरोपी पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला तोरवा थाना क्षेत्र के शंकर नगर क्षेत्र का है, जहां सिविल लाइन CSP IPS उमेश गुप्ता ने अपनी टीम के साथ दबिश दी। इस दौरान उन्होंने एक दिव्यांग सटोरिए को पकड़ा, जो पुलिस से बचने के लिए पहले भागा। इसके बाद गमछे से अपने गले को कसकर सुसाइड करने की धमकी देने लगा। उसने CSP के सामने पुलिस से कहा कि तू रिश्वतखोर है…रिश्वत लेता है।
यह भी पढ़ें:- गणेश पंडाल घूमने जाने को लेकर विवाद, पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट
दिव्यांग सटोरिया संतोष बजाज ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस को धमकी भी दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। दिव्यांग सटोरिया ने कहा कि हां मैं सट्टा खिलाता हूं। मुझे पकड़कर क्या करोगे। मैं तो पैर से दिव्यांग हूं। दम है तो बुधवारी बाजार के सट्टा किंग को पकड़कर दिखाओ। इसके साथ ही सटोरिए ने IPS अफसर के सामने तोरवा पुलिस पर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप भी लगाए। सूत्रों के मुताबिक शहर से लेकर गांव तक पुलिस और सट्टेबाजों के बीच तगड़ी सेटिंग है। सट्टे का कारोबार सिंडिकेट की तरह चल रहा है। सट्टेबाज और खाईवालों ने अपना इलाका बांट लिया है। बिलासपुर के सिविल लाइन, सिटी कोतवाली, सिरगिट्टी तारबाहर, सरकंडा समेत सभी जगह अलग-अलग सट्टेबाज सक्रिय हैं, जो पुलिसकर्मियों को पैसा खिलाते हैं। (Crime in Bilaspur)
रेप पीड़िता के बच्चे पर हमला
दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां जमानत पर जेल से बाहर आए दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़िता के घर में घुसकर उससे मारपीट की। साथ ही धमकी देते हुए उसके बच्चे पर हमला कर दिया, जिसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपी को फिर से गिरफ्तार कर लिया है, जिसे कोर्ट ने जेल भेज दिया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि दुष्कर्म का आरोपी किशन पटेल जमानत पर छूटा था, जिसने पीड़िता को गालियां देते हुए केस वापस लेने और जान से मारने की धमकी दी, लेकिन पीड़िता नहीं मानी। इसके बाद उसने पीड़िता के बच्चे की हत्या करने की धमकी दी। साथ ही बच्चे के प्राइवेट पार्ट पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता अपने बच्चे को लेकर सिम्स पहुंची, जहां डॉक्टर्स ने इलाज के बाद बच्चे को वापस घर भेज दिया। पीड़िता ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। (Crime in Bilaspur)



