अमेरिका दौरे से वापस स्वदेश लौटे PM नरेंद्र मोदी, न्यूयॉर्क में यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ की बैठक

PM Modi Returns India: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 दिवसीय अमेरिकी यात्रा के बाद स्वदेश लौट चुके हैं। बता दें कि तीन दिवसीय यात्रा के दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में समिट ऑफ द फ्यूचर और क्वाड लीडर्स समिट में भाग लिया। इसके साथ ही PM ने अपनी यात्रा के दौरान कुछ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें भी की हैं। PM मोदी ने 23 सितंबर को न्यूयॉर्क में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ अलग से द्विपक्षीय बैठक की थी। दोनों ही राजनेताओं ने प्रधानमंत्री की हाल की यूक्रेन यात्रा को याद किया और द्विपक्षीय संबंधों के निरंतर सुदृढ़ीकरण पर संतोष व्यक्त किया। यूक्रेन के ताजा हालात के साथ-साथ शांति की राह पर आगे बढ़ने का मुद्दा भी उनकी चर्चाओं में प्रमुखता से शामिल हुआ।
यह भी पढ़ें:- पीएम श्री योजना में शामिल हुई छत्तीसगढ़ की और 78 शालाएं, अब तक 341 शालाओं को मिल चुकी है स्वीकृति
प्रधानमंत्री ने कूटनीति और संवाद के साथ-साथ समस्त हितधारकों के बीच जुड़ाव के माध्यम से भी युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के पक्ष में भारत के स्पष्ट, सुसंगत और रचनात्मक दृष्टिकोण को दोहराया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत युद्ध का स्थायी और शांतिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार हरसंभव सहायता मुहैया कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है। पिछले लगभग तीन महीनों में दोनों राजनेताओं के बीच यह तीसरी बैठक थी। दोनों ही राजनेताओं ने पारस्परिक संपर्क निरंतर बनाए रखने पर सहमति जताई। इसके अलावा PM नरेंद्र मोदी ने वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव और समाजवादी गणराज्य के राज्य अध्यक्ष टो लैम से भी मुलाकात की। (PM Modi Returns India)

प्रधानमंत्री ने राज्य अध्यक्ष टो लैम को नेतृत्व की बढ़ी हुई जिम्मेदारियां संभालने के लिए बधाई दी। साथ ही भारत और वियतनाम के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर सहयोग की उम्मीद जताई। प्रधानमंत्री ने इस महीने की शुरुआत में आए तूफान यागी से हुई हानि और क्षति के लिए वियतनाम के साथ अपनी सहानुभूति और एकजुटता दोहराई। राज्य अध्यक्ष और महासचिव टो लैम ने ऑपरेशन सद्भाव के तहत भारत द्वारा समय पर आपातकालीन मानवीय सहायता और आपदा राहत की आपूर्ति के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच अटूट आपसी विश्वास, समझ और साझा हितों द्वारा चिन्हित गहरे सभ्यतागत, सांस्कृतिक संबंधों और बढ़ते रणनीतिक संबंधों के महत्व की पुष्टि की। (PM Modi Returns India)

वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह की पिछले महीने की भारत यात्रा को याद करते हुए दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने के साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने हिन्द-प्रशांत समेत महत्वपूर्ण क्षेत्रीय समेत वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ग्लोबल साउथ की सामूहिक भूमिका को रेखांकित किया। बता दें कि PM नरेंद्र मोदी ने 3 दिनों के अमेरिका दौरे पर कई राजनेताओं और अलग-अलग वर्ग के लोगों के साथ बैठक और चर्चा की है। (PM Modi Returns India)



