छत्तीसगढ़ से कानून नाम की चीज समाप्त हो चुकी है: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
Bhupesh Baghel on Surajpur: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सूरजपुर घटना को लेकर साय सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में ये क्या हो रहा है? लगने लगा है कि शांति का टापू कहे जाने वाले हमारे प्रदेश से कानून नाम की चीज समाप्त हो चुकी है। सूरजपुर में प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटी की हत्या कर दी गई। उसी हत्यारे ने इस घटना से पहले एक आरक्षक पर गर्म तेल उड़ेला था। जनता के मन में कानून व्यवस्था और सरकार से पूरी तरह विश्वास इस कदर उठ चुका है कि जनता अब स्वयं न्याय करने निकल पड़ी है।
यह भी पढ़ें:- सरकार की सुरक्षा व्यवस्था में चूक ने हमारे समाज को एक डरावने भविष्य में धकेल दिया: TS सिंहदेव
पूर्व CM ने कहा कि घरों में आगजनी की घटनाएं सुनकर व्यथित हूं। कवर्धा के लोहारीडीह में भी यही हुआ था। इससे पहले लोगों ने बलौदाबाजार के कलेक्ट्रेट में आग लगा दी थी। मैं सभी से शांति की अपील करता हूं और विनम्र प्रार्थना करना चाहता हूं कि वे कानून व्यवस्था अपने हाथों में न लें। शासन-प्रशासन से स्थिति नियंत्रित करने की अपेक्षा है। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में जंगलराज नहीं तो क्या कहा जाएगा? (Bhupesh Baghel on Surajpur)
सूरजपुर धू-धू कर जल रहा: पूर्व CM बघेल
उन्होंने कहा कि बलौदाबाजार, कवर्धा के बाद अब सूरजपुर धू-धू कर जल रहा है। कानून व्यवस्था से जनता का भरोसा ऐसा उठा है कि SDM पर ही लोगों का गुस्सा फूट रहा है। आक्रोशित भीड़ के चंगुल से SDM को पुलिस ने बाहर निकाला है। रिमोट कंट्रोल मुख्यमंत्री और रीलबाज गृहमंत्री खामोशी से सत्ता की मदहोशी का आनंद ले रहे हैं। बता दें कि सूरजपुर में लोगों को समझाइश देने गए SDM को भीड़ ने पीट दिया। इस दौरान SDM ने भागकर अपनी जान बचाई। (Bhupesh Baghel on Surajpur)



