Cyclone Dana: चक्रवात दाना ने शुरू की तबाही, तेज हवाओं से उखड़े पेड़, भारी बारिश जारी
चक्रवात दाना का असर दिखना शुरू हो गया है. ओडिशा और बंगाल में चक्रवात ने भारी तबाही मचाई है
Cyclone Dana : चक्रवात दाना का असर दिखना शुरू हो गया है. ओडिशा और बंगाल में चक्रवात ने भारी तबाही मचाई है। भद्रक जिले में तेज हवाएं चल रही हैं और बांसडा से भारी बारिश की खबर है। शुक्रवार तड़के चक्रवात के पहुंचने की प्रक्रिया जारी रहने के कारण कई पेड़ उखड़ गए, जिससे सड़कों पर आवाजाही में रुकावट पेश आ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, ओडिशा में फिलहाल 100-110 किमी प्रति घंटे से लेकर 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। चक्रवात दाना के मद्देनजर बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद कर दिया गया। ऐसे में सभी उड़ानों को स्थगित करना पड़ा है। प्रशासन की ओर से लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
आईएमडी के ताजा बयान में कहा गया, ‘भीषण चक्रवाती तूफान दाना (Cyclone Dana) 10 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया। 25 अक्टूबर को 05:30 बजे IST पर उत्तरी तटीय ओडिशा के ऊपर अक्षांश 21.00° उत्तर और देशांतर 86.85° पूर्व के पास केंद्रित था। धामरा से लगभग 20 किमी उत्तर-पश्चिम और हबलीखाटी नेचर कैंप से 40 किमी उत्तर-पश्चिम में असर दिखा। चक्रवात आगमन की प्रक्रिया जारी है और इसका पिछला क्षेत्र भूमि में प्रवेश कर रहा है। यह प्रक्रिया अगले 1-2 घंटों तक जारी रहेगी। यह उत्तर ओडिशा में लगभग पश्चिम-उत्तर की ओर बढ़ने और दोपहर तक धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान में कमजोर होने की संभावना है।

चक्रवात दाना (Cyclone Dana) के आगमन पर IMD भुवनेश्वर की निदेशक डॉ. मनोरमा मोहंती ने कहा, ‘चक्रवात ने उत्तर-पश्चिमी भाग में गति पकड़ी है। चक्रवात की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसके आगमन की प्रक्रिया लगातार हो रही है। धीरे-धीरे चक्रवात के कमजोर होने की भी संभावना है। आज भी उत्तर ओडिशा में भारी बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इसका प्रभाव आज पूरे राज्य में रहेगा। हालांकि, कल तक इसका असर बहुत कम हो जाएगा।’ ओडिशा में चक्रवात से उत्पन्न भारी वर्षा के कारण 16 जिलों में अचानक बाढ़ आने की आशंका है। इसे लेकर भी पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
ओडिशा में NDRF और फायर ब्रिगेड की 288 टीमें तैनात
ओडिशा ने नेशनल डिजास्टर रिलीफ फोर्स (NDRF), ओडिशा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (ODRF) और फायर ब्रिगेड की 288 टीमें तैनात की हैं।
तूफान से प्रभावित 14 जिलों के स्कूल-कॉलेज 25 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। इन जिलों में सभी टूरिज्म पार्क के साथ ओडिशा हाईकोर्ट को भी 25 अक्टूबर तक बंद कर दिया गया है। सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हाई लेवल मीटिंग कर तूफान से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की है।



