Google Analytics —— Meta Pixel

अब बड़े स्कूलों में पढ़ेंगे श्रमिकों के बच्चे, श्रमवीरों के लिए तीन नई योजना पर लगी मुहर, पढ़ें पूरी खबर

Minister Dewangan Meeting: छत्तीसगढ़ के 28 लाख निर्माण श्रमिकों के लिए विष्णुदेव सरकार तीन नई योजनाओं की शुरुआत करने जा रही है। तीन नई योजनाओं का अनुमोदन श्रम मंत्री सह अध्यक्ष छत्तीसगढ़ भवन और अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में हुई। नवा रायपुर के मंडल कार्यालय में आयोजित संचालक मंडल की तीसरी बैठक में फैसला लिया गया। प्रदेश में निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना की प्रक्रिया की शुरुआत 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होगी। इसी तरह निर्माण मजदूर परिवार सशक्तिकरण योजना, पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके बच्चों को उच्च शिक्षा IIT, JEE, NEET, CA की परीक्षा के लिए निशुल्क कोचिंग योजना की शुरुआत होगी।

यह भी पढ़ें:- रायपुर दक्षिण उपचुनाव के लिए 46 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन, 30 अक्टूबर तक होगी नाम वापसी

प्रदेश के 26.68 लाख निर्माणी श्रमिकों और उनके बच्चों को कौशल उन्नयन के लिए निर्माण मजदूर परिवार सशक्तिकरण योजना भी शुरू की जाएगी। बैठक में श्रम विभाग की सचिव अलरमेल मंगई डी, वित्त विभाग की विशेष सचिव शीतल वर्मा, बीओसी की सचिव सविता मिश्रा, मुख्य निरीक्षक सह श्रमायुक्त एसएस पैकरा समेत अन्य उपस्थित रहे। संचालक मंडल की बैठक में श्रम मंत्री सह अध्यक्ष लखनलाल देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की श्रमिक सम्मेलन में घोषणा अनुरूप शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना अंतर्गत सभी जिलों में योजना शुरू करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में 09 जिलों में कुल 33 भोजन केंद्र संचालित हैं। (Minister Dewangan Meeting)

सभी निर्माण श्रमिकों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण

बोर्ड की बैठक में निर्माणी श्रमिकों और उनके परिवार जनों के निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराएं जाने पर भी मुहर लगी। स्वास्थ्य विभाग, ESIC से भी परीक्षण कराएं जाने का निर्णय लिया गया। इससे 26 लाख से अधिक अधिक श्रमिकों को लाभ मिलेगी। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत बूथ पंजीकृत निर्माण श्रमिक को कार्यस्थल में दुर्घटना मृत्यु पर 5 लाख रूपए, स्थाई दिव्यांगत में ढाई लाख, सामान्य मृत्यु पर उनके वैध उत्तराधिकारी को एक लाख रूपए की राशि दी जाती है, लेकिन अपंजीकृत निर्माण श्रमिकों को मृत्यु बाद राशि देना का प्रावधान नहीं है। बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया कि ऐसे श्रमिक की कार्यस्थल पर अगर मृत्यु होती है तो उनके परिवार को एक लाख की सहायता राशि दी जाएगी। 21 अक्टूबर को जिला महासमुंद के श्रमिक परमानंद ध्रुव की ऊंचाई से गिर कर मौत हो गई थी। मृतक श्रमिक अपंजीकृत श्रमिक है। बोर्ड की बैठक में मृतक की पत्नी को एक लाख रुपए सहायता राशि दिए जाने का निर्णय लिया गया। (Minister Dewangan Meeting)

Back to top button
error: Content is protected !!