जानिए कौन है नारायणपुर जिले के बुटलूराम माथरा…?, जिनके काम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहा

Story of Butluram Mathra: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 115वें संस्करण में नारायणपुर जिले के देवगांव में रहने वाले बुटलूराम माथरा की तारीफ की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नारायणपुर के बुटलूराम माथरा अबूझमाड़िया जनजाति की लोक कला को संरक्षित करने में जुटे हुए हैं। उनकी ये कला ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं’ और ‘स्वच्छ भारत’ जैसे अभियान से लोगों को जोड़ने में भी बहुत कारगर रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी के लोक कला के संरक्षण और संवर्धन में जुटे बुटलूराम माथरा की सराहना करने पर प्रसन्नता जताई है।
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से अबुझमाड़िया जनजाति की लोककला के संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और स्वच्छ भारत मिशन में उनके योगदान को उजागर किया। बुटलूराम माथरा पिछले चार दशकों से जनजातीय लोककला के संरक्षण में सक्रिय हैं। उनके प्रयासों ने न सिर्फ स्थानीय संस्कृति को जीवित रखा है, बल्कि उन्होंने अपनी कला के माध्यम से सामाजिक अभियानों को भी बढ़ावा दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्य समाज को प्रेरित करते हैं और देश की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने में सहायक होते हैं। (Story of Butluram Mathra)

बुटलूराम माथरा ने बताया कि उन्होंने 5वीं कक्षा तक पढ़ाई की है, लेकिन इसके बावजूद उनकी कला ने उन्हें एक नया मार्ग प्रशस्त किया है। मुख्य पेशे के तौर पर कृषक होने के नाते, वे बांस की कला कृतियों के माध्यम से विभिन्न प्रकार के यंत्र बनाते हैं। उनकी यह अनोखी कला न सिर्फ उनकी पहचान है, बल्कि इससे वे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रहे हैं। उनकी कृतियों में बांस की सजावट, बर्तन और अन्य यांत्रिक उपकरण शामिल हैं, जो न सिर्फ सुंदरता में वृद्धि करते हैं, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल भी हैं। (Story of Butluram Mathra)
राष्ट्रीय मंच पर चमक उठी मेहनत
बुटलूराम का मानना है कि कला समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है और इससे आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित किया जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी ने बुटलूराम के प्रयासों को एक मिशन के रूप में देखा, जिसमें सामाजिक कल्याण और सांस्कृतिक संरक्षण दोनों शामिल हैं। उनका यह कार्य निश्चित रूप से दूसरों को प्रेरित करेगा और जनजातीय संस्कृति को संरक्षित करने में मदद करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने जब बुटलूराम माथरा का जिक्र किया तो लोक कला को बचाने और उसे आगे बढ़ाने के लिए सालों से की जा रही उनकी मेहनत राष्ट्रीय मंच पर चमक उठी। यह पल था छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और उसे संजोने वाले उन गुमनाम नायकों को सलाम करने का, जिनके प्रयासों ने इस धरोहर को जीवित रखा है। (Story of Butluram Mathra)
चार दशकों से कर रहे काम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बुटलूराम पिछले चार दशकों से अबूझमाड़िया जनजाति की अनूठी लोक कला को बचाने और आगे बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत हैं। उन्होंने लोक कला की उन धरोहरों को सहेज कर रखा है, जिनमें छत्तीसगढ़ की संस्कृति की गूंज है। उनकी लगन और निष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री की यह सराहना, उस समर्पण की गवाही थी, जो बुटलूराम ने अपनी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए दी है, जिससे न सिर्फ छत्तीसगढ़ का नाम रोशन हुआ है, बल्कि पूरी दुनिया के सामने उसकी विशिष्टता भी उभरी है। (Story of Butluram Mathra)
छत्तीसगढ़ सरकार करेगी मदद: CM साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह अच्छी बात है कि प्रधानमंत्री ने लोक कला के क्षेत्र में अच्छा काम कर रहे कलाकारों की प्रशंसा की है। बुटलूराम माथरा ने लोक कला को संरक्षित करने की दिशा में बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत को आगे बढ़ाने की दिशा में बड़ा काम भी किया है। नारायणपुर में आदिवासी संस्कृति अपने सबसे मूल रूप में है। हमारी सरकार बुटलूराम माथरा के प्रयासों को बढ़ावा देगी। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के जरिए कई मुद्दों पर बात करते हैं। साथ ही अच्छा काम करने वालों लोगों की जमकर तारीफ भी करते हैं। (Story of Butluram Mathra)



