रायपुर रेलवे स्टेशन में युवक की हत्या, चाकू से गला रेतकर उतारा मौत के घाट

Murder in Railway Station: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्राइम का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला रेलवे स्टेशन का है, जहां दो नाबालिगों ने मिलकर एक युवक की हत्या कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों में एक लड़की भी शामिल है। दरअसल, दोनों ने युवक के गले और सीने पर चाकू से वार किया है, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वारदात के आधे घंटे बाद तक युवक जमीन पर लहूलुहान दर्द से तड़पता रहा, जिसके बाद जीआरपी पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान रोमत जांगड़े उर्फ सलमान के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें:- भारतीय चुनाव आयोग की कांग्रेस को फटकार, चुनाव में धांधली के आरोपों को बताया निराधार
जानकारी के मुताबिक आरोपियों और मृतक के बीच पैसों को लेकर पुराना विवाद था, जिसे लेकर हत्या की गई है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि रिजर्वेशन बिल्डिंग की ओर से नाबालिग लड़का और लड़की सलमान के पीछे दौड़ते हुए आए। फिर उन्होंने युवक के साथ गाली-गलौज की। इसी दौरान उन्होंने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान जब सलमान ने दोनों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने चाकू निकाल लिया। इसके बाद सलमान के जांघ और पेट पर कई वार किए। साथ ही सलमान का गला भी रेत दिया, जिससे सलमान जमीन पर गिर पड़ा और तड़पने लगा, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। (Murder in Railway Station)
समय पर नहीं पहुंची जीआरपी !
कहा जा रहा है कि दोनों नाबालिग नशे की हालत में थे। हालांकि अब तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन रेलवे स्टेशन पर काफी देर से लड़ाई चल रही थी। इस दौरान जीआरपी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की, जो बड़ी लापरवाही है। समय पर कार्रवाई की जाती तो युवक की मौत नहीं होती। जीआरपी समय पर नहीं पहुंची। घटना के करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी, जिसके शव को मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया गया। बता दें कि रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म और पार्किंग एरिया में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जो आए दिन दुकानदारों, रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों के साथ बदसलूकी करते हैं। इसके बाद भी जीआरपी कोई कार्रवाई नहीं करती है। शायद इसकी वजह से बदमाशों के हौसले बुलंद है। (Murder in Railway Station)



