PM नरेंद्र मोदी को मिला नाइजीरिया का दूसरा सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान, पहले सिर्फ महारानी एलिजाबेथ को दिया गया था GCON

PM Modi Receive GCON: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की। इस दौरान कई एमओयू भी साइन किए गए। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर औपचारिक स्वागत किया गया। साथ ही PM मोदी को नाइजीरिया के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ (GCON) पुरस्कार से सम्मानित किया गया। महारानी एलिजाबेथ एकमात्र विदेशी गणमान्य हैं, जिन्हें 1969 में GCON से सम्मानित किया गया था। यह किसी देश द्वारा PM मोदी को दिया जाने वाला 17वां ऐसा अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है। इस दौरान उन्होंने कहा कि नाइजीरिया के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर मैं आपका, नाइजीरिया की सरकार और लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं इस सम्मान को विनम्रता और आदर भाव से स्वीकार करता हूं।
यह भी पढ़ें:- आत्मविश्वास से भरा भारत आज एक नई यात्रा पर निकल पड़ा है: PM नरेंद्र मोदी
PM मोदी ने कहा कि मैं इस सम्मान को 140 करोड़ भारतवासियों और भारत-नाइजीरिया की गहरी मित्रता को समर्पित करता हूं। भारत और नाइजीरिया के संबंध आपसी सहयोग, सद्भाव और परस्पर सम्मान पर आधारित हैं। दो जीवंत लोकतंत्र और गतिशील अर्थव्यवस्था के रूप में हम मिलकर दोनों देशों के लोगों की भलाई के लिए काम करते रहे हैं। दोनों देशों में सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता हमारी पहचान है, हमारी ताकत है। हमने आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ और व्यापक बनाने पर विस्तार से चर्चा की। अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, कृषि, सुरक्षा, फिनटेक, लघु-मध्यम उद्यम और सांस्कृतिक क्षेत्रों में नई संभावनाओं की पहचान की है। (PM Modi Receive GCON)

उन्होंने कहा कि अफ्रीका में नाइजीरिया की बहुत बड़ी और सकारात्मक भूमिका रही है और, अफ्रीका के साथ करीबी सहयोग भारत की उच्च प्राथमिकता रहा है। भारत और नाइजीरिया, दोनों देशों के लोगों और पूरे अफ्रीका महाद्वीप की समृद्धि के लिए मिलकर आगे बढ़ेंगे। हम करीबी समन्वय के साथ काम करते हुए, ग्लोबल साउथ के हितों और प्राथमिकताओं को महत्व देंगे। नाइजीरिया में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत की कई कंपनी नाइजीरिया की पूरी इकोनॉमी को ताकत दे रही है। भारतीय कम्युनिटी, नाइजीरिया के विकास के लिए कंधा से कंधा मिलाकर चल रही है और यही तो भारत के लोगों की बहुत बड़ी ताकत है। हम दूसरे देश में भले आ जाएं, लेकिन सर्वहित के अपने संस्कार नहीं भूलते। हमारे लिए पूरा विश्व एक परिवार है। (PM Modi Receive GCON)



